रामबली इंटर कॉलेज गोसाईगंज के शिक्षक वीरेंद्र शुक्ला का गोसाईगंज थाने के पीछे वाली गली में आवास है। उनके दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र अंकित शुक्ला सया डिग्री कॉलेज में पढ़ाता था। शुक्रवार को अंकित की सगाई होनी थी, घर में रिश्तेदारों का जमावड़ा था, लोग नाच गा रहे थे। तभी रात करीब नौ बजे घर के एक कमरे में अचानक गोली चलने की आवाज आई। घरवाले जब भागते हुए कमरे में पहुंचे तो देखा अंकित खून से लथपथ जमीन पर गिरा तड़प रहा था। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मृतक के पास ही उसके पिता की लाइसेंसी पिस्टल भी पड़ी हुई थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की तो पता चला कि अंकित ने लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, शुक्रवार शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पिता वीरेंद्र शुक्ला ने बताया कि उनकी पिस्टल आलमारी में रखी हुई थी। इसकी जानकारी घर के सभी लोगों को रहती थी। थाना प्रभारी गोसाईगंज संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पिस्टल से एक गोली चली है, गोली मृतक के कनपटी में लगी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक अंकित शादी को लेकर खुश नहीं था, इसके चलते वह अवसाद में था। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।