अयोध्या। खेल निदेशालय और उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के संयोजन में राज्य जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी अनीता यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को गौरवान्वित किया है। बालिकाओं को खेलों में प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
प्रतियोगिता का पहला मैच गोरखपुर और आगरा के बीच खेला गया। इसमें गोरखपुर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आगरा को चार गोल के मुकाबले 15 से पराजित किया। गोरखपुर की समृद्धि ‘मैन ऑफ द मैच’ रहीं। मिर्जापुर मुरादाबाद के बीच खेले गए मुकाबले में मिर्जापुर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुरादाबाद को एक के मुकाबले आठ गोल से पराजित किया। मिर्जापुर की वर्षा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं।
झांसी और अलीगढ़ के बीच मुकाबले में झांसी ने अलीगढ़ को, बस्ती और बरेली के बीच खेले गए मुकाबले में बस्ती की टीम ने बरेली को दो के मुकाबले 12 गोलों से रौंद अपने अभियान की शुरुआत की। अयोध्या और वाराणसी के बीच हुए मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अयोध्या की टीम ने वाराणसी को सात के मुकाबले 12 गोल से पराजित कर विजय अभियान शुरू किया।
प्रयागराज और सहारनपुर के बीच खेले गए संघर्षपूर्ण मुकाबले में सहारनपुर ने प्रयागराज को 12 के मुकाबले 13 गोल से पराजित कर विजय अभियान शुरू किया। प्रतियोगिता में 15 मंडल की टीम प्रतिभाग कर रही हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के संयुक्त सचिव परमेंद्र सिंह, सुधीर द्विवेदी, अनूप दुबे, मोहम्मद इरफान, अखिल चौधरी, साजिया, शकील व मनीष सिंह उपस्थित रहे।