अयोध्या। जिले से रीडगंज चौराहे से बसखारी तक के लिए प्रस्तावित अयोध्या-बसखारी राजमार्ग अब 84 किमी. का होगा। पिछले दिनों शासन से मिली स्वीकृति के आधार लोकनिर्माण विभाग की ओर से तैयारी शुरू हो गई है।
विभाग के मुताबिक इस मार्ग पर मया बाजार व गोसाईगंज में दो नए बाईपास बनाए जाने हैं। इसमें मया बाजार का बाईपास तीन किमी. लंबा होगा जबकि गोसाईगंज बाजार का प्रस्तावित बाईपास 5.50 किमी. लंबा होगा।
इससे पूरे मार्ग की कुल लंबाई 84 किमी. हो जाएगी। मार्ग की कुल लागत 765 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। अयोध्या के रीडगंज चौराहे से बसखारी राजमार्ग तीन वर्षों से स्वीकृत है। मौजूदा समय में निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पूर्व योजना के अनुसार अयोध्या से बसखारी मार्ग की कुल लंबाई 81 किमी. व इसकी लागत 526 करोड़ रुपये निर्धारित थी। अभी हाल ही में शासन से दो नए बाईपास की स्वीकृति के साथ डीपीआर को भी रिवाइज किया है।
इसमें पहला बाईपास मया बाजार के बाहर से बनना है। इसमें सड़क को बरईपार के समीप के शारदा सहायक नहर से होते हुए ले जाकर समंथा पर निकाला जाएगा। इसकी लंबाई तीन किमी. होगी। इस बाईपास को बनने में 38 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
इसके साथ ही दूसरा बाईपास गोसाईगंज के पास से पकरैला राम महर के पेट्रोल पंप के पास से होता हुआ घाट के पास से जाकर गद्दोपुर पर निकलेगा। इस मार्ग को बनाने में 69 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी।
दोनों बाईपास के निर्माण से मार्ग की कुल लंबाई में तीन किमी. का इजाफा होगा। इससे मार्ग की लंबाई 81 किमी. के सापेक्ष 84 किमी. हो जाएगी। दोनों बाईपास के लिए जल्द ही लोक निर्माण विभाग अयोध्या सड़क मार्ग को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
भूमि चिह्नित करने के बाद राजस्व विभाग के सहयोग से लोगों को निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा। अकबरपुर (अंबेडकरनगर) पहले फैजाबाद (अयोध्या) जनपद में ही शामिल था।
इस कारण बड़ी तादात में ऐसे लोग है जो रोज अयोध्या से अंबेडकरनगर आते जाते हैं। इनमें सरकारी कर्मचारी के अलावा व्यापारी के वर्ग के लोगों की बड़ी तादात है। सड़क के फोरलेन होने के साथ बाईपास बन जाने से प्रतिदिन आने जाने वाले यात्रियों की राह आसान होंगी।
प्रस्तावित प्लान के अनुसार एक ओर की सड़क पौने नौ मीटर व डिवाइडर दो से ढाई मीटर चौड़ी होगी। सड़कों के किनारे छायादार वृक्ष के साथ डिवाइडरों पर रोडलाइट की व्यवस्था की जाएगी।
अयोध्या-बसखारी राजमार्ग पर दो नए बाईपास की स्वीकृति मिली है। पहला बाईपास मया बाजार के पास से व दूसरा बाईपास गोसाईगंज बाईपास के निकट से बनाया जाएगा। दो बाईपास की लागत 107 करोड़ रुपये होगी जबकि पूरे मार्ग की लागत 765 करोड़ रुपये है। जल्द ही निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।- अनिल मिश्रा, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग