अयोध्या। थाना कैंट पुलिस ने फर्जी अंकपत्र बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बेरोजगारों से पैसा लेकर उन्हें हाईस्कूल इंटरमीडिएट, स्नातक व परास्नातक का फर्जी प्रमाणपत्र बनाकर देता था।
उसके पास से नंदनी नगर महाविद्यालय गोंडा के तीन फर्जी अंकपत्र समेत हाईस्कूल, इंटर, स्नातक व परास्नातक के कुल 23 फर्जी अंकपत्र व शैक्षिक प्रमाणपत्र, 14 भिन्न-भिन्न नामों व पदों की मोहरें व एक कलर प्रिंटर व एक लेजर प्रिंटर बरामद हुआ है।
सीओ सिटी पलाश बंसल ने बताया कि फर्जी अंकपत्र व शैक्षिक प्रमाण पत्र बनने की शिकायत की जांच थाना कैंट प्रभारी अरुण प्रताप सिंह व उनकी टीम कर रही थी। इसके लिए शहर में मुखबिरों का जाल बिछाया गया था।
मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार को पुलिस ने थाना कैंट अंतर्ग मुमताजनगर ओवरब्रिज के निकट छापा मारकर आरोपी मो. सलीम निवासी कृष्णानगर देवकाली कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर लिया।
उसकी तलाशी के दौरान बैग से एक लैपटॉप व नंदनी पीजी कॉलेज नवाबगंज गोंडा के तीन फर्जी अंकपत्र बरामद हुए। उसकी निशानदेही पर उसके घर से हाईस्कूल, इंटर, स्नातक व परास्नातक के 20 और फर्जी अंकपत्र व शैक्षिक प्रमाणपत्र, 14 भिन्न-भिन्न नामों व पदों की मोहरें व एक कलर प्रिंटर व एक लेजर प्रिंटर बरामद हुआ।
सीओ सिटी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह बेरोजगारों से पैसा लेकर उन्हें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक व परास्नातक के फर्जी प्रमाणपत्र बनाकर देता था।
उसने बरामद सभी अंकपत्रों को फर्जी बताया। बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 469, 471 के तहत केस दर्जकर उसका चालान कर दिया गया।