अयोध्या। जिले में 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बूथों पर सीआरपीएफ की 69 कंपनी कमान संभालेंगी। सिविल पुलिस के 4800 व करीब 4000 होमगार्ड भी तैनात किए जाएंगे।
जिले में पांचवें चरण में 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा, 10 मार्च को मतगणना कराई जाएगी। चुनाव को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारी तेजी से पूरी की जा रही है।
सभी बूथों पर अर्द्ध सैनिक बल के जवान मोर्चा संभालेंगे। सिविल पुलिस व होमगार्ड के जवान भी तैनात रहेंगे। जिले की स्थानीय पुलिस को लॉ एंड आर्डर को व्यवस्थित रखने का जिम्मा दिया गया है।
बूथों पर सकुशल मतदान संपन्न कराने के लिए आगरा, मेरठ समेत अन्य जिलों से आने वाले जवान मोर्चा संभालेंगे। चौथे चरण में मतदान संपन्न होते ही इन जवानों की आमद शुरू हो जाएगी। उनके ठहरने के इंतजाम अभी से किए जा रहे हैं।
जिले में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए इस बार सीआरपीएफ की 69 कंपनी लगाई जाएगी। प्रत्येक कंपनी में करीब 70-80 जवान होंगे, जो ड्यूटी करेंगे। निरीक्षक, उपनिरीक्षक, कांस्टेबल समेत 4800 लोग तैनात किए जाएंगे।
करीब 4000 होमगार्ड भी बाहर से बुलाए गए हैं, जो मतदान संपन्न कराने व शांति व्यवस्था कायम रखने में सहायक होंगे। इनके ठहरने के लिए जिले के 130 कॉलेजों को चिह्नित कर नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मोबाइल टीमें भी विधानसभा वार तैनात की जाएंगी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि मतदान को लेकर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
बूथों पर सीआरपीएफ की करीब 69 कंपनी तैनात की जाएंगी। सिविल पुलिस के भी 4800 जवान व 4000 होमगार्ड तैनात रहेंगे। चौथे चरण का मतदान संपन्न होने के बाद 25 फरवरी तक जिले में जवान पहुंच जाएंगे।
जिनके ठहरने का इंतजाम कराया गया है। स्थानीय पुलिस शरारती तत्वों पर नजर रखने, जगह-जगह चेकिंग करने सहित शांति व्यवस्था कायम कराने का दायित्व संभालेगी। किसी भी प्रकार से शांति व्यवस्था में खलल डालने को बख्शा नहीं जाएगा।