अयोध्या। विश्व क्षयरोग दिवस के अवसर पर गुरुवार को आयुक्त कार्यालय स्थित गांधी सभागार में क्षय रोगियों के लिए वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के 1885 क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण आहार वितरित किया गया। साथ ही विशेषज्ञों द्वारा क्षय रोगियों को बेहतर जीवनयापन के लिए टिप्स भी दिए गये।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद मंडलायुक्त नवदीप रिणवा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अजय मोहन ने बताया कि 24 मार्च, 1882 के दिन सर हेनरिक हरमैन राबर्ट काक नाम के जर्मन माइक्रोबाइलोजिस्ट द्वारा माइक्रोबैक्टीरियम ट्यूबरक्लोसिस नाम के बैक्टीरिया की खोज की गई। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग छह हजार लोग क्षय रोग से पीड़ित हैं।
इस दौरान मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, जिलाधिकारी नितीश कुमार, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सतीश श्रीवास्तव, सीडीओ अनीता यादव, सीएमओ डॉ. अजय राजा व मंडल स्तरीय और जिला स्तरीय अधिकारियों ने दो-दो, जिले के 74 इंटर कॉलेज, 1302 प्राथमिक और जूनियर विद्यालय के प्रधानाचार्य व 12 स्वयंसेवी संस्थाओं ने 275 क्षय रोगियों को गोद लेकर पोषण आहार वितरित किया। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, चिकित्सा अधीक्षकों द्वारा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आयोजित किया गया है।