अयोध्या। विधानसभा चुनाव में नामांकन के पांचवें दिन नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ी। सपा, भाकपा, बसपा, आप के प्रत्याशियों सहित 17 प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अफसर के सामने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए। कलेक्ट्रेट के बाहर वाहनों की भीड़ रही। हालांकि कोविड के चलते हो हल्ला नहीं हुआ। प्रत्याशियों ने शांतिपूर्ण ढंग से नामांकन किया।
जिले की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के नामांकन कक्षों में रिटर्निंग ऑफिसर्स 11 बजे से ही डट गए थे। नामांकन कड़ी पुलिस सुरक्षा व सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में किया गया। शनिवार को रुदौली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी दयानंद शुक्ला ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर रिटर्निंग अफसर व एसडीएम स्वप्निल यादव के समक्ष तीन सेट में नामांकन दाखिल किया।
उनका नामांकन कराने के लिए पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री, पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री अशोक सिंह, एआसीसी सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्रा, जिलाध्यक्ष शिवपूजन पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा, पीसीसी सदस्य मुनीर अहमद, कारिब करनी, राकेश बंसल, पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इरफान खान, निक्कू राम कोरी आदि थे। रुदौली से ही निर्दल प्रत्याशी अनामिका ने एक सेट में नामांकन जमा किया। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद अपने समर्थकों के साथ कचहरी के बाहर पहुंचे। वहां से वह सीधे रिटर्निंग अफसर व एसडीएम दिग्विजय सिंह के समक्ष अपना नामांकन दो सेटों में दाखिल किया। पूर्व एमएलसी लीलावती कुशवाहा, जिला महासचिव बख्तियार खान, मनोज जायसवाल, अमित प्रसाद, पृथ्वीराज यादव, आस्था कुशवाहा सहित अन्य लोग थे।
बीकापुर विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सुनील पाठक ने रिटर्निंग अफसर अनुराग प्रसाद के सामने दूसरे सेट का नामांकन किया। बीकापुर से ही राष्ट्रीय हिस्सेदारी पार्टी के प्रत्याशी सुनील कुमार ने एक सेट में नामांकन किया। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी तेज नारायण ने पुन: रिटर्निंग अफसर व एसडीएम राम कुमार शुक्ल के समक्ष दो सेट में में नामांकन दाखिल किया। सीपीआई के सूर्यकांत पांडेय ने भी अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के आरओ व एसडीएम राम कुमार शुक्ल के समक्ष नामांकन दाखिल किया। नामांकन कराने उनके साथ अशोक तिवारी, कप्तान सिंह, अंकित पांडेय, विकास पांडेय, ऋषिओम पांडेय सहित अन्य लोग पहुंचे थे। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से ही आदर्श कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी बृजेंद्र दत्त त्रिपाठी, आम आदमी पार्टी के शुभम श्रीवास्तव, मौलिक अधिकार पार्टी संजय शर्मा ने एक-एक सेट में और भारत महापरिवार पार्टी के प्रत्याशी अमरीश देव गुप्ता ने आरओ के समक्ष तीन सेट में नामांकन किया।
गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी आलोक द्विवेदी व बहुजन समाज पार्टी राम सागर ने रिर्टिर्नंग अफसर व एसडीएम बीकापुर संदीप श्रीवास्तव के समक्ष एक-एक सेट में नामांकन किया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि नाम निर्देशन के पांचवें दिन जिले की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 17 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर और अपर जिलाधिकारी नगर व नगर मजिस्ट्रेट आदि ने नामांकन केंद्रों का निरीक्षण किया। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर से बाहर तक मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस के अफसर मौजूद रहे।
16 ने लिया नामांकन पत्र
जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि नाम निर्देशन के पांचवें दिन रूदौली विधानसभा क्षेत्र से तीन, मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र से दो, बीकापुर विधानसभा क्षेत्र से आठ, अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से दो और गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र से एक समेत कुल 16 प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों ने फॉर्म लिया।
आज नहीं होगा कोई नामांकन
जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि 06 फरवरी को शासकीय अवकाश होने के कारण कोई नामांकन कार्रवाई नहीं की जाएगी। नामांकन संबंधी अगली कार्रवाई सात फरवरी को पुन: प्रात: 11 बजे से सभी नामांकन केंद्रों में प्रारंभ की जाएगी।