संक्रामक रोगों का बढ़ा प्रकोप, मरीजों से पटा अस्पताल
फैजाबाद। मौसम की मार से जिले में संक्रामक रोगों का प्रकोप बढ़ गया है। दिन में तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी से दो दिन से अस्पताल में तेज बुखार, खांसी, दस्त, त्वचा रोग आदि के मरीजों का तांता लगा है।
अस्पताल के 212 बेड लगभग फुल हो चुके हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। दिन में तेज धूप के साथ जारी उमस भरी गर्मी के कहर से आम जनमानस परेशान है। जबकि मध्यरात्रि से मौसम में नमी देखी जा रही है।
मौसम में इसी परिवर्तन की वजह से अस्पताल में मरीजों की भारी आमद शुरू हो गई है। दो दिनों की बात करें तो ओपीडी में 30 प्रतिशत लोग तेज बुखार, खांसी, दस्त से आदि के पहुंच रहे हैं। बुधवार दोपहर तक ओपीडी करीब 1457 रही।
जिसमें सिर्फ मेडिसिन विभाग में 346 मरीज पहुंचे। वहीं जिला अस्पताल के सभी 212 बेड लगभग फुल हो चुके हैं। मरीजों को जगह न होने के अभाव में डेंगू, आईसीयू वार्ड में भर्ती किया जा रहा है।
मेडिकल वार्ड, जनरल वार्ड, बच्चा वार्ड, मेडिकल फीमेल वार्ड आदि में तिल रखने की जगह नहीं है। सिर्फ आठ बेड के संक्रामक रोग वार्ड को आरक्षित किया गया है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. नानक सरन ने कहा कि इन दिनों मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। जिससे लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। प्रतिदिन की ओपीडी में करीब 300 मरीज संक्रामक रोगों से ग्रसित पहुंच रहे हैं।
जबकि आईपीडी में इन्हीं मरीजों की भीड़ है। इससे बचाव के लिए सामान्य पानी का खूब सेवन करें। एसी से निकलकर कुछ देर सामान्य होने के बाद बाहर निकलें। बुखार आने पर पैरासीटामॉल दिन में चार बार लें, फिर भी ठीक न होने पर डॉक्टर से सलाह लें।