फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज हवा के साथ 140 मिमी. बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त

विज्ञापन
अयोध्या-बीकापुर में गिरी गन्ने की फसल - फोटो : FAIZABAD
विज्ञापन
अयोध्या। तेज हवा के साथ बुधवार रात से ही जिले में हुई 140 मिमी. मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से शहर से लेकर देहात तक विभिन्न इलाके जलमग्न हो गए।
विज्ञापन

इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, तेज चक्रवाती हवा की वजह से धान, गन्ना, केला व सब्जी सहित कई फसलों को भारी क्षति पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने अभी अगले चौबीस घंटे में भी बारिश होने का अनुमान लगाया है।
जिले में बुधवार देर रात से ही बरसात शुरू हो गई। सुबह लोग उठे तो बर्फीली चक्रवाती हवा के बीच बारिश की बौछारों ने उनका स्वागत किया। आसपास के खेत-खलिहान, तालाब, पोखरे आदि बारिश के पानी से लबालब हो गए।
विज्ञापन

दिनभर हुई बारिश की वजह से लोग दिन भर घरों में कैद रहे। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जिले में औसतन 140 मिमी. बरसात रिकॉर्ड की गई है। अमानीगंज के बांसगांव में सर्वाधिक 315 मिमी. व पिरखौली सोहावल में 208 मिमी. बरसात दर्ज की गई है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम विज्ञान विभाग से जारी रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कमी के साथ 24.5 डिग्री रहा।
आद्रता अधिकतम 97 फीसदी व न्यूनतम 92 फीसदी रही। जबकि छह किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से दक्षिणी-पश्चिमी हवा चलती रहीं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि अगले 24 घंटे में मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
वहीं तेज हवा की वजह से धान, गन्ना, केला आदि की फसल खेतों में गिर गईं। साथ ही सब्जियों के खेतों में पानी अधिक होने से उनके सड़ने का खतरा भी बढ़ गया है।
एसडीएम सोहावल जयजीत कौर ने बताया कि मुआवजा के लिए अगर प्रार्थना पत्र मिलेगा तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि जिले में करीब 140 मिमी. हुई वर्षा से किसानों को बहुत नुकसान पहुंचा है।
खासकर धान की जिस फसल में बाली निकल रही थी, उसे ज्यादा नुकसान पहुंचने की उम्मीद है। केला, गन्ना और धान की फसलें गिर गई हैं। सब्जी के जिस खेत में अधिक पानी भर गया हो, किसान उसे निकालने का प्रयास करें।
जमींदोज हुई गन्ने की फसल की बंधाई करवा दें। इस समय यूरिया का प्रयोग न करें, आलू की अगेती बुवाई करने के लिए अभी रुके रहें। मौसम को देखते हुए बीएसए संतोष देव पांडेय ने कक्षा आठ तक सभी बोर्ड के स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया।
जिसकी वजह से नौनिहालों के लिए राहत रही। लेकिन नौकरी पेशा लोग किसी तरह रैनकोट पहनकर व भीगते हुए दफ्तरों में पहुंच सके। बारिश में स्कूल पहुंचने में शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
विकासखंड पूराबाजार के ग्राम पंचायत रामपुर सरधा में लगातार हो रही बारिश के चलते गांव में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिध अभिषेक सूर्यवंशी को मामले से अवगत कराया तो उन्होंने अधिकारी, लेखपाल व सचिव से बातचीत कर जेसीबी बुलवाकर घंटों ग्रामीणों के साथ खड़े होकर समस्या का तत्काल निराकरण कराया।
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार तेज मूसलाधार बरसात के चलते सीएचसी बीकापुर परिसर, तहसील परिसर, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर, पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, उप डाकघर बीकापुर, उप निबंधक कार्यालय परिसर के अलावा कई परिषदीय स्कूलों, निजी शिक्षण संस्थानों के परिसर में जलभराव हो गया।

अयोध्या-रेलवेस्टेशन के बाहर हुआ जलभराव- फोटो : FAIZABAD

अयोध्या-जलवानपुरा में घरों में भरा पानी- फोटो : FAIZABAD

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें