फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव ड्यूटी में गई 131 रोडवेज की बसें, यात्री परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। चुनाव ड्यूटी में रोडवेज की बसों के जाने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में अयोध्या बस अड्डे पर 123 बसें हैं, इनमें अनुबंधित बसें भी शामिल हैं।
विज्ञापन

इनमें से 38 बसों को 10 फरवरी को होने वाले चुनाव में भेजा गया है। इसके चलते मंगलवार को बस अड्डे पर यात्री अपने गंतव्य पर जाने के लिए बसों का इंतजार करते दिखे। रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार बसों का फेरा बढ़ाया जा रहा है।
वर्तमान में अयोध्या मंडल के अयोध्या, अंबेडकरनगर, अमेठी, सुलतानपुर जनपद में कुल 327 बसें हैं। इनमें 48 बसें अनुबंधित श्रेणी की हैं। 10 फरवरी को प्रथम चरण के होने वाले विधानसभा चुनाव में इनमें से 131 बसों को लगाया गया है।
विज्ञापन

वहीं अयोध्या जनपद में 123 बसें ऑन रोड हैं, इनमें से 38 बसों को मंगलवार को चुनाव ड्यूटी पर भेज दिया गया। अयोध्या बस अड्डे से लखनऊ, कानपुर, रायबरेली, जौनपुर, आजमगढ़, गांडा, बहराइच, बस्ती, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज समेत दिल्ली आदि के लिए रोजाना बसों का आवागमन होता है।
यहां से रोजाना करीब 10 हजार यात्री सफर करते हैं। बसों की कमी के चलते इन यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। मंगलवार बसों के इंतजार में यात्री घंटों खड़े रहे।
अयोध्या बस स्टेशन पर बसों की संख्या कम होने से ज्यादातर यात्री सहादतगंज, देवकाली बाईपास पर बसों का इंतजार करते दिखे। देवकाली बाईपास पर बस का इंतजार कर रहे अयोध्या निवासी अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें प्रयागराज जाना है।
अयोध्या बस अड्डे पर करीब दो घंटे खड़े रहे लेकिन बस नहीं मिली। मजबूरी में यहां आ गए कि शायद गोरखपुर या गोंडा से आ रही बस मिल जाए। यही हाल अन्य यात्रियों का भी रहा।
सरकारी बसों की कमी का फायदा डग्गामार वाहन उठा रहे हैं। फैजाबाद शहर में सिविल लाइन स्थित तहसील मोड़ पर सैकड़ों जीप व कार सवारियां भरते दिखाई पड़े। हाल यह रहा कि बोलेरो जैसे वाहनों में 15 से अधिक लोगों को किसी तरह भरा गया।
कहीं-कहीं यात्रियों से तय किराए से ज्यादा की वसूली भी की गई। दूसरी ओर शहर के देवकाली ओवरब्रिज व सहादतगंज बाईपास पर सवारी भरने वाली प्राइवेट बसें भी जल्द ही फुल हो जा रही थी।
रीजन में अयोध्या, अंबेडकरनगर, अमेठी व सुलतानपुर जनपद शामिल हैं। सब मिलाकर कुल 327 बसें हैं। इनमें से 131 बसों को चुनाव ड्यूटी में लगाया है। यह बसें चार चरण का चुनाव संपन्न कराकर 27 फरवरी को अयोध्या में होने वाले चुनाव के दौरान वापस होंगी। इसके चलते बसों की कमी हुई है। यात्रियों की समस्या को देखते हुए ऑन रोड बसों के फेरों को बढ़ाया जा रहा है। साथ ही वर्कशॉप में खड़ी बसों को भी सड़क पर लाने की तैयारी है।- एसपी सिंह, आरएम रोडवेज, अयोध्या रीजन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें