कृषि विवि में नहीं शुरू हुई धान की रोपाई
फैजाबाद। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के बीज उत्पादन प्रक्षेत्रों पर अब तक धान रोपाई का कार्य शुरू न होने पर कुलपति प्रो. अख़तर हसीब ने नाराजगी जताई। यही नहीं शुक्रवार को कुलपति की बैठक में भी बीज उत्पादन अनुभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था।
बैठक में कुलपति ने निदेशक शोध और सहायक निदेशक शोध को निर्देश दिया कि खरीफ के प्रारंभिक सीजन में बीज अनुभाग के अफसरों के नदारद रहने को गंभीरता से लें। कुलपति ने महज एक ही फर्म को प्रत्येक वर्ष रोपाई का टेंडर मिलने पर भी आपत्ति जताई।
खरीफ फसलों की बुआई की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में संयुक्त निदेशक बीज डॉ. आरडीएस यादव, बीज उत्पादन अधिकारी डॉ. जयदेव शर्मा तथा बीज उत्पादन अधिकारी डॉ. शर्मा द्वारा बिना किसी सूचना के अपना कार्यभार डॉ. डीके द्विवेदी को दिए जाने के बावजूद प्रभारी बीज उत्पादन अधिकारी डॉ. डीके द्विवेदी भी अनुपस्थित रहे।
कुलपति ने कहा कि कृषि निवेश व अन्य क्त्रिस्याओं की व्यवस्था के निर्देश के बावजूद लापरवाह कर्मियों के कारण यदि खरीफ बीज उत्पादन में लक्ष्य की प्राप्ति नहीं होती तो जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मियों के विरूद्ध कठोरतम कार्रवाई की अनुसंशा की जाएगी।