शहर को सुंदर बनाने का चलेगा अभियान
फैजाबाद। शहर को फिर से सुंदर बनाने और सुगम यातायात के लिए सड़कों के किनारे किए गए स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण को हटाने का एक बार फिर से 7 फरवरी से बड़ा अभियान शुरू होगा। इसे दो माह तक चलाए जाने की तैयारी है। आला अफसरों की बैठक में डीएम ने दो टूक कहा कि अतिक्रमण स्वयं हटाएं अन्यथा जुर्माना भी वसूला जाएगा और रिपोर्ट भी दर्ज होगी।
जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान कमेटी की बैठक की। कहा कि अतिक्रमण ने शहर की खूबसूरती छीन ली है, यातायात बाधित हो रहा है, चलना मुश्किल हो रहा है। डीएम ने कहा कि चार-पांच वर्षों में सड़क दुर्घटनाएं बढ़ गई है। कुछ लोग चंद लाभ के लिए सड़कों पर निरंतर अतिक्रमण कर रहे हैं। सड़कों को संकुचित कर रहे हैं। पटरियां गायब हो गई, पैदल चलने वाले सड़क पर चलते है। डीएम ने सड़क पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को सचेत किया है कि वे अपने अतिक्रमण को स्वयं हटा लें, अन्यथा ऐसे लोगों से अतिक्रमण को हटाने के साथ जुर्माना वसूला जाएगा। उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। अतिक्रमण हटाने के लिए टीम में पुलिस, मजिस्ट्रेट, प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत, टेलीफोन, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, एनएचआई के लोगों को शामिल किया गया है। बैठक में एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय, एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, नगर मजिस्ट्रेट सीएल मिश्र, नगर आयुक्त एमपी सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग समेत कई अफसर शामिल रहे।
हटेंगे विद्युत पोल व टेलीफोन के खंभे
डीएम ने कहा कि जिनका अतिक्रमण हटाया जाता है, कुठ समय बाद वो लोग फिर अतिक्रमण कर लेते है। अब ऐसा करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन मार्गों से अतिक्रमण हटेगा, वहां की सीमा तक इंटरलॉकिंग ईंट लगाई जाएगी। रास्ते में पड़ने वाले विद्युत पोल व टेलीफोन खंभों को हटाने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया है।