फेसबुक पर छात्रा को परेशान करने वाले सफेदपोश को पुलिस ने शुक्रवार को दबोच लिया। उसने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही इस छात्रा के कई आपत्तिजनक फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दिए थे।
खुद को बलरामपुर की गन्ना समिति का चेयरमैन बताने वाले इस शख्स की हरकतों से तंग छात्रा गहरे डिप्रेशन में चली गई थी।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूलते हुए एक साथी का नाम भी बताया है। साथी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम बलरामपुर भेजी गई है।
सीओ गाजीपुर विशाल पांडेय के मुताबिक, बलरामपुर के एक व्यवसायी ने तहरीर देकर शिकायत की थी कि उसकी बेटी चिनहट के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही है।
चार माह से एक शोहदा उसे परेशान कर रहा है। शोहदे ने फेसबुक पर उनकी बेटी की कई आपत्तिजनक फोटो अपलोड कर रखी है। शोहदे से परेशान होकर बेटी खुदकुशी करने के बारे में सोच रही है।
व्यवसायी की शिकायत पर चिनहट पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को पुलिस ने शोहदे को चिनहट तिराहे से दबोच लिया।
चिनहट पुलिस ने आरोपी को दबोचने के लिए साइबर सेल की भी मदद ली। शोहदे की पहचान बलरामपुर में उतरौला के गोकुलमाफी गांव निवासी अय्याज मुस्तफा (35) के रूप की गई।
अय्याज तीन बच्चों का पिता और बलरामपुर के गन्ना समिति के चेयरमैन बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि छात्रा को उसने चार माह पूर्व एक रिश्तेदारी में वैवाहिक समारोह में देखा था।
उसके बाद से उससे दोस्ती करना चाहता था। मगर, उसने ध्यान नहीं दिया जिस पर आरपी ने उसे बदनाम करने की ठान ली। फेसबुक पर गलत नाम से एक आईडी बनाई और छात्रा के करीबियों को रिक्वेस्ट भेजकर फेसबुक पर दोस्ती की।
उसने बताया कि पहली मुलाकात के दौरान उसके हाथ छात्रा की कई फोटो लग गई थी। उसके बाद अपने एक दोस्त के माध्यम से छात्रा की फोटो स्कैन कर आपत्तिजनक फोटो तैयार कराई और फेसबुक पर अपलोड कर दिया।
अय्याज ने फेसबुक पर छात्रा के विषय में अश्लील टिप्पणियां भी लिखी हैं। पुलिस अय्याज की मदद करने वाले साथी की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बलरामपुर जनपद भेजी गई है।