इटावा। ऊसराहार थाना क्षेत्र में छह दिन पहले हुई युवक की हत्या का खुलासा मंगलवार को पुलिस ने कर दिया। पुलिस ने मामले युवक के दोस्त समेत दो लोगों की गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई। आरोपी दोस्त की बहन से युवक के प्रेम संबंध थे। उसी रंजिश में आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था।
दोपहर बाद पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में दोनोें को जेल भेज दिया गया। एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि नौ नवंबर की रात ऊसराहार थाना क्षेत्र निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे सर्विस रोड पर एक युवक का शव पड़ा मिला था।
थाना प्रभारी ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतक की पहचान हवेली पटियात गांव निवासी राम शरन के बेटे गौरव के रूप में हुई थी।
रामशरन की तहरीर पर पुलिस ने गौरव के गांव के दोस्त शिवकांत व मैनपुरी के अजीतगंज निवासी सूरज मिश्रा के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
मंगलवार को ऊसराहार थाना पुलिस की टीम ने शिवरा अंडरपास सर्विस रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बकौल एसएसपी, शिवाकांत ने पूछताछ में बताया कि गौरव के प्रेम संबंध उसकी बहन से थे, इसलिए उसने सूरज के साथ मिलकर साजिश के तहत नौ नवंबर की रात गौरव के सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी थी।
उसके शव व बाइक को बुंदेलखंड हाईवे सर्विस रोड पर पानी के गड्ढे में छिपा दिया था।