नवदंपतियों को आशीर्वाद देती भाजपा विधायक सरिता भदौरिया। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में शुक्रवार को 201 जोड़ों की शादी कराई गई। इनमें सात मुस्लिम व 194 हिंदू जोड़ों ने जीवन भर के लिए एक-दूसरे का हाथ थामा। मुस्लिम कन्याओं का मौलवियों ने मुस्लिम रीति रिवाज से और हिंदू कन्याओं का विवाह हिंदू रीति रिवाज के अनुसार कराया गया। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने फूल बरसाए।
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने नुमाइश पंडाल में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कहा कि सबका भविष्य सुखमय हो। प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, निर्धन परिवारों की पुत्रियों की शादी कराने का लिया गया यह निर्णय सराहनीय है। ऐसी कन्याओं की शादी कराना पुण्य का कार्य है। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, परियोजना निदेशक डीआरडीए जयकेश त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद विनय मणि त्रिपाठी, डीसी मनरेगा शौकत अली, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी मौजूद रहे। संचालन कुश चतुर्वेदी ने किया।
सामूहिक विवाह योजना के तहत लक्ष्य 175 विवाह कराने का था, लेकिन 220 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से शुक्रवार को 201 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शासन द्वारा 51 हजार रुपये कता लाभ दिया जाता है। इसमें कन्या को अनुदान के रूप में 35 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके साथ 10 हजार रुपये का सामान दिया जाता है। छह हजार रुपये पांडाल साज-सज्जा व खानपान पर व्यय होता है।