अमृत सरोवर की तैयारियों के संबंध में बैठक करते सीडीओ संतोष कुमार राय। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। अमृत सरोवर योजना के तहत जिले में 75 तालाबों की खोदाई का काम चल रहा है। 15 अगस्त तक सरोवर का काम पूरा करना है। इन तालाबों के बीच में टापू विकसित कर आसपास पैदल पथ बनाया जाएगा। इन्हें पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस तक 37 तालाबों पर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम तय किया है।
अमृत सरोवर के अंतर्गत एक एकड़ क्षेत्रफल में स्थित तालाबों की खोदाई के बाद इनका सुंदरीकरण किया जाएगा। एक हजार घन मीटर तक गहरी खोदाई की जाएगी। उपायुक्त मनरेगा शौकत अली ने बताया कि 15 अगस्त को तालाबों पर ध्वजारोहण किए जाने की योजना है। इसको लेकर संबंधित गांवों में प्रधानों की बैठक भी हुई। बैठक में सीडीओ संतोष कुमार राय व डीडीओ डीडी वर्मा ने निर्धारित समय में काम पूरा करने के लिए कहा है। बैठक में प्रधानों ने निर्धारित समय सीमा में काम कराने का आश्वासन दिया है।
बढ़पुरा, बसरेहर और भरथना में पांच-पांच, चकरनगर, जसवंतनगर में चार-चार, महेवा में छह, सैफई और ताखा में चार-चार तालाबों को पूर्ण रूप से विकसित कर स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने के लिए तैयार किया जाएगा।