भरथना। बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर हमला और कैमरा तोड़े जाने के मामले में तीन नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। रिपोर्ट में हत्या का प्रयास, बलवा, मारपीट, गालीगलौज, सरकारी काम में बाधा डालने समेत कई धाराओं लगाई गई हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
सजीपुरा काठमऊ के प्रभारी अवर अभियंता गोविंद पोरवाल की अगुवाई में बिजली विभाग की टीम चेकिंग करने भरथना के विरोंधी गांव गई थी। चेकिंग के दौरान एक मकान पर एलटी लाइन से तीन तारों की केबल घर तक गई थी। विजिलेंस टीम के वीडियो बनाने पर एक व्यक्ति के साथियों के साथ टीम पर हमला कर दिया था। प्रभारी चंद्रप्रकाश के हाथ से कैमरा छीनकर तोड़ दिया था।
थाना प्रभारी बचन सिंह सिरोही ने बताया कि टीम की तहरीर पर शैलेंद्र त्रिपाठी, राजेश दीक्षित और अरविंद व उनके साथियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि आरोपियों ने टीम से मारपीट की। गोविंद का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके घरों व संभावित ठिकानों पर दबिशें दी गई, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा है।