बकेवर। छात्र-छात्राएं पढ़ाई के समय ही मोबाइल फोन व लैपटॉप उपयोग करें। बाकी समय मोबाइल के उपयोग से बचें। फेसबुक, इंस्टाग्राम और दूसरे सोेशल मीडिया एकाउंट की लोकेशन बंद रखें।
लाइव लोकेशन शेयर करने से बचें। ऐसा करने से आपकी लोकेशन ट्रेस हो सकती है। आवश्यकता भर सोशल मीडिया का उपयोग करें। अपने सोशल मीडिया के पासवर्ड को गोपनीय व मजबूत तरीके से रखें।
यह बातें शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बकेवर स्थित राइजिंग सन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में सीओ भरथना साधुराम ने कही।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि मैं भी बचपन में पुलिस को देखकर डरता था, लेकिन अब पुलिस कर्मियों के व्यवहार व कार्यशैली में बदलाव हो चुका है।
अधिकारियों के सीयूजी नंबरों पर फोन करके जब चाहे तब मदद मांग सकते हैं। रात में भी कॉल करके मुझसे सड़क पर मिल सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि तमाम तरह की बेकार वेबसाइट चल रही हैं, उन्हें अपलोड न करें।
साथ ही कहा कि आपके साथ किसी तरह की घटना हो तो पुलिस व घरवालों को जरूर बताएं। सीओ ने छात्राओं को गुड व बेड टच के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि जरूरत पड़ने पर वे महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076,181, 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद ले सकती हैं।
बकेवर थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राएं पढ़े और खेलें। दोनों ही जीवन के लिए जरूरी है। पढ़ने से दिमाग का विकास होगा और खेलने से शरीर का विकास। खराब चीजों से दूर रहें।
किसी अपरिचित के साथ कहीं न जाएं। माता-पिता के साथ मित्रवत व्यवहार करें, उन्हें समस्याएं बताएं। सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करें।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के प्रिंसिपल एसके चतुर्वेदी, प्रियंका श्रीवास्तव, निधि राजौरिया, रचना दुबे, प्रकाश दीक्षित, गरिमा त्रिपाठी, संजय सिंह, गुलशन श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।