इटावा/जसवंतनगर/महेवा। जिले में वायरल बुखार से मरने वालों का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को दो लोगों की मौत के बाद शनिवार को भी दो और लोगों की मौत वायरल बुखार से हो गई।
दोनों के परिजनों के मुताबिक, डेंगू से मौत हुई है। इधर, सरकारी और निजी अस्पतालों में डेंगू और वायरल बुखार के मरीजों का बड़ी संख्या में पहुंचने का क्रम जारी रहा।
जसवंतनगर क्षेत्र में बुखार से मौतों का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। बीवामऊ गांव निवासी अनेग सिंह की बेटी साधना (19) एक सप्ताह से अधिक समय से तेज बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
वहां शुक्रवार की देर रात उसकी मौत हो गई। साधना पांच भाइयों में अकेली बहन थी। साधना के पिता व दो भाई भी बुखार से पीड़ित बताए गए हैं। यह सभी दो दिन पहले ही आगरा से इलाज करा कर लौटे हैं।
परिजनों ने मुताबिक, साधना की डेंगू से मौत हुई है। उधर, महेवा क्षेत्र के बहेड़ा रोड निवासी सत्यप्रकाश मिश्रा की पत्नी मंजू देवी (55) की शनिवार की सुबह बुखार से मौत हो गई। उनका इटावा शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
सत्यप्रकाश ने बताया कि पत्नी मंजू, बेटे अमित व दो पुत्र वधुओं को तीन दिन पहले डेंगू हुआ था। तीनों को केके शर्मा के अस्पताल में बृहस्पतिवार को भर्ती कराया गया था। वहां मंजू की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन लोग अभी भर्ती है।
क्षेत्र में चार दिन में तीन लोगों की मौत होने से लोगों में दहशत का माहौल है। बता दें कि 6 अक्तूबर को आंगनबाड़ी सहायिका किरन चौहान के बेटे कृष्णा चौहान (12) की बुखार से जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। शुक्रवार को इटावा में इलाज के दौरान मंजू मिश्रा (58) की भी बुखार से ही मौत हुई थी।
इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ. गौरव त्रिपाठी ने बताया कि किसी भी मरीज की एलाइजा जांच रिपोर्ट नहीं आई है, इसलिए अभी स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि दोनों की मौत का कारण डेंगू ही है।
डेंगू के 22 नए मरीज भर्ती
सैफई। मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओपीडी में शनिवार को बुखार के 159 मरीज पहुंचे। साथ ही डेंगू के 22 मरीज नए भर्ती किए गए। इस बाबत यूनिवर्सिटी के चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. आदेश कुमार ने बताया कि डेंगू वार्ड में भर्ती आठ मरीजों की शनिवार को छुट्टी की गई।
इस समय 56 डेंगू के मरीज डेंगू वार्ड में भर्ती हैं। इनमें 31 मरीज इटावा जिले के हैं। शनिवार को डेंगू आठ मरीज भर्ती हुए हैं। यूनिवर्सिटी में बाकी मरीज औरैया ,फिरोजाबाद, मैनपुरी व आसपास के जिलों से आए हैं। मलेरिया का कोई मरीज नहीं है।
जिला अस्पताल में 350 बुखार के मरीज आए
जिला अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को उपचार मरीज 717 मरीज आए। इनमें 350 मरीज बुखार के थे। डेंगू लक्षण वाले मरीजों को टेस्ट कराया गया, जबकि 35 मरीजों का एलाइजा टेस्ट के लिए सैंपल सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया है।