इटावा। विकास खंड बढ़पुरा के ग्राम डूंढ़पुरा में वायरल बुखार और डेंगू का प्रकोप जानलेवा साबित होता जा रहा है। हालत यह है कि तीन दिन के अंदर दो भाइयों समेत तीन लोगों की डेंगू से मौत हो चुकी है।
करीब दो हजार की आबादी वाले गांव में लगभग हर घर का कोई न कोई सदस्य बीमार है, लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में नहीं आई है। इस बारे में गांव के शिक्षक शिव सिंह कुमार ने बताया कि गांव निवासी सुखवीर सिंह के दो पुत्रों शिवा (16) व आकाश (14) की दो दिन के अंदर मृत्यु हो गई, जबकि उनकी दस वर्षीय पुत्री नेहा का फिरोजाबाद में अभी भी इलाज चल रहा है।
गांव में एक वृद्ध की मृत्यु भी हो चुकी है। बताया कि शनिवार को भाजपा नेता मुकेश यादव गांव आए थे, उन्होंने सीएमओ से बात की, लेकिन फिर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नर्हीं आई।
उधर, सीएमओ डा. भगवान दास ने ग्रामीणों के आरोपों को नकारते हुए बताया कि टीम गांव गई थी, खुद उन्होंने गांव गई टीम के प्रभारी व उदी सीएचसी के प्रभारी डा. विनोद शर्मा से बात भी हुई थी।
उधर, डा. विनोद शर्मा ने बताया कि टीम दो दिन से गांव जा रही है। बताया कि शनिवार को पूठन पीएचसी के प्रभारी डा. पंकज शर्मा, लैब टेक्नीशियन जितेंद्र व फार्मासिस्ट गांव गए थे। उस दौरान एक बच्चे का शव आगरा से आया था।
लोगों से बात करने का प्रयास किया था। किसी ने बात नहीं की। हालांकि, उस दौरान माहौल गमगीन होने की वजह से ज्यादा कुछ नहीं कर सके। डा. शर्मा ने बताया कि रविवार को डा. विपिन के नेतृत्व में टीम भेजी गई। साथ मेें 30 डेंगू किट भी भेजी थीं।
बसरेहर क्षेत्र में झोलाछाप कर रहे मरीजों का इलाज
इटावा। वायरल बुखार व डेंगू के मरीजों की बढ़ती संख्या का फायदा सबसे ज्यादा झोलाछाप उठा रहे हैं। आलम यह है कि झोलाछाप मरीजों को बोतलें तक चढ़ा रहे हैं। बदले में मनमानी कीमत वसूल रहे हैं।
क्षेत्र में एक सैकड़ा से अधिक झोलाछापों की दुकानें वायरल बुखार और डेंगू से चमक रही है। बसरेहर कस्बे से लेकर लोहिया व चौबिया, चौपला, बरालोकपुर, करी-बीना, राहिन समेत अन्य क्षेत्रों में झोलाछाप इलाज कर रहे हैं।
बसरेहर सीएचसी पहुंचने से पहले ही झोलाछाप मरीजों को रोक कर इलाज करने पर विवश कर रहे हैं। साथ ही मरीजों को बोतल लगा कर मनमानी फीस वसूल रहे हैं। इन दिनों डेंगू से ग्रामीणों में खासी दहशत व्याप्त है।
ग्राम अयारा के होरीलाल, श्यामलाल, बहादुरपुर लोहिया फर्दपुरा की काजल, रेशमा देवी जैनपुरा की विनीता देवी, अहकारीपुरा की सुमन देवी, अनुभव यादव वायरल बुखार की चपेट में हैं। यह सभी मरीज लोहिया गांव के झोलाछाप से इलाज करा रहे हैं।