आग बुझाने का प्रयास करते ग्रामीण
- फोटो : ETAWAH
जसवंतनगर/सैफई/भरथना (इटाव)। चार थाना क्षेत्रों में रविवार को आग लगने से गेहूं की 22 बीघा फसल जलकर राख हो गई। एक जगह देरी से तो दूसरी जगह सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। एक जगह हादसा बिजली की तारों में स्पार्किंग से हुआ।
जसवंतनगर के मौजा खेड़ा बुजुर्ग और फुलरई की सीमा पर बिजली के तार हवा के कारण आपस में टकराने से निकली चिंगारी खेत में जा गिरी। इससे गेहूं की फसल में आग लग गई। फायर ब्रिगेड को सूचना देकर ग्रामीण आग पर काबू करने में जुट गए। फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचीं। ग्रामीणों ने ही आग पर काबू पाया। हादसे में विमलेश कुमार पुत्र महावीर सिंह, राजेश कुमार पुत्र हाकिम सिंह निवासी गण नगला केहरी, रामवीर सिंह निवासी नगला भगवंत, मानिक चन्द्र नगला खुशाली की 12 बीघा फसल राख हो गई। तहसीलदार अशोक कुमार सिंह ,लेखपाल जहीर ,लेखपाल अनूप कुमार ने नुकसान का आकलन किया।
इसी तरह सैफई थाना क्षेत्र के ग्राम झिंगूपुर में आग लग गई। सैफई थाना पुलिस फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सात बीघा गेहूं की फसल राख हो चुकी थी। ग्राम झिंगूपुर में महिला किसान श्रीचरन सिंह देवी की गेहूं तीन बीघा की फसल भी फायर ब्रिगेड पहुंचने तक जल गई। दमकल कर्मचारियों ने आसपास की फसल को जलने से बचा लिया। तहसीलदार यदुवीर सिंह ने क्षेत्रीय लेखपाल जायजा लेने भेजा।
भरथना क्षेत्र के साम्हो गांव में साम्हो गांव में रेलवे कॉलोनी के पीछे विजय शाक्य पुत्र रामगोपाल के खेत में गेहूं की फसल खडी थी। सोमवार को खेत में आग लग गई। लपटें उठती देखे विजय और गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू करने में जुट गए। ग्रामीणों ने दमकल विभाग को भी सूचना दे दी। दी। दमकल पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। विजय के मुताबिक सोमवार को ही गेहूं फसल की कटाई शुरू की थी। दोपहर में घर पहुंचे थे, कुछ देर बाद फसल में आग लग गई।
ताखा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरसई नावर के मजरा चंदरपुरा में आग लगने से किसान नाथूराम और प्रताप सिंह की तीन बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
ताखा में गेहूं के खेत में लगी आग- फोटो : ETAWAH