मंडी समिति परिसर में स्थित सरकारी गेंहू खरीद केंद्र पर सन्नाटा
- फोटो : ETAWAH
भरथना (इटावा)। खुले बाजार में गेहूं का भाव ज्यादा होने के कारण सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। भरथना की नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में खाद्य और रसद विभाग द्वारा संचालित दो खरीद केंद्रों पर गेहूं खरीद के चौथे दिन भी कोई खरीद नहीं हो सकी, दोनों सरकारी केंद्रों पर बैनर हवा में उड़ता रहा और कुर्सियां खाली मिलीं। केंद्र पर आने वाले किसानों के लिए पानी भरा केम्पर और दो गिलास रखे मिले।
पड़ताल करने पर केंद्र प्रभारी प्रेमकुमार व जितेंद्र कुमार ने फ़ोन पर बताया कि अभी तक केंद्र पर कोई खरीददारी नहीं की गई है। दूसरी ओर परिसर में स्थित कई आढ़तों पर गेहूं के ढेरों की तौल होती रही। इस दौरान मौजूद किसान श्रीकृष्ण निवासी नगला लक्षी ने बताया कि सरकारी खरीद केंद्र पर गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपये निर्धारित है जबकि खुले बाजार में भाव 2050 रुपये है, ऐसे में किसान सरकारी खरीद केंद्रों पर गेहूं की बिक्री करने नहीं जा रहा है।
गेंहू की तौल करते मजदूर- फोटो : ETAWAH