जसवंतनगर। पुलिस की रात्रि गश्त की पोल चोरों ने खोलकर रख दी है। तीन दिन में चोर छह घरों को अपना निशाना बना चुके है। सोमवार रात को भी चोरों ने मलाजनी गांव में स्थित एक घर से जेवरों भरा बैग पार कर दिया। तीन दिन से हो रही चोरियों पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है।
जसवंतनगर के मलाजनी गांव में सोमवार देर रात चोरों ने मजदूर मुस्तकीम के घर में धावा बोला। मजदूर की पत्नी सितारा बेगम ने बताया कि देर रात को चोर घर में पीछे के रास्ते से अंदर घुसे और कमरे में रखा बक्सा खोलकर जेवर से भरा बैग चोरी कर ले गए।
बैग में सोने की बेसर, सोने के कुंडल, चांदी की कंधनी, चांदी की पायल समेत अन्य जेवर रखे थे। मंगलवार सुबह वह रिश्तेदारी में जाने के लिए तैयार होने पर बक्सा खोला तो उसमें रखा जेवर भरा बैग गायब था। बताया कि एक दिन पहले ही उसने चेक करके बैग बक्से में रखा था।
मजदूर ने घर में हुए जेवर चोरी की सूचना पुलिस को दी। तीन दिन में हुई छह घरों से जसवंतनगर थाना क्षेत्रों के लोग दहशत में है। लोग रात में जागकर अपने घरों की रखवाली कर रहे है। ग्रामीणों ने बताया कि रात को खेतों की तरफ से टॉर्च की रोशनी देखकर कई बार हो-हल्ला हुआ।
इस तरह से चोर रातभर गांव वालों को छकाते रहें। मलाजनी के ग्राम प्रधान लक्ष्मीनारायण शाक्य ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाएं जाने व चोरों को पकड़ने की पुलिस अधिकारियों से मांग की।