चकरनरगर/जसवंतनगर। भरेह थाना क्षेत्र में सोमवार की रात युवक ट्रैक्टर-ट्राली से नीचे गिर गया। इस बीच ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त युवक ट्रैक्टर से लकड़ी बेचने के लिए बाजार जा रहा था।
उधर, जसवंतनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी, जिससे कार सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। भरेह थाना क्षेत्र के ख्यालीपुरा व पाहलनापुर गांव के बीच युवक सोमवार की रात ट्रैक्टर-ट्राली से गिर गया।
ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के वक्त युवक ट्रैक्टर से लकड़ी बेचने के लिए बाजार जा रहा था। ख्यालीपुरा गांव निवासी ओम प्रकाश का बेटा छोटे (35) जंगल से लकड़ी काटकर बेचता था।
इसी कमाई से वह परिवार का पेट पालता था। सोमवार को रात लगभग नौ बजे की छोटे ट्रैक्टर पर लकड़ी लादकर उन्हें बेचने के लिए बाजार जा रहा था। वह ट्रैक्टर पर आगे ड्राइविंग सीट के बगल में बैठा था।
उसी दौरान ऊबड़-खाबड़ रास्ता होने से वह से वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। चालक ट्रैक्टर में ब्रेक लगा पाता, उसके पहले ही छोटे ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गया।
हादसे की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और छोटे को सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई बड़े सिंह ने बताया कि वह और छोटे दोनों की जंगल व खेतों से लकड़ी काटकर बेचने का काम कर परिवार का पेट भरते हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर के पहियों के नीचे दबने से छोटे की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
उधर, इटावा शहर के मकसूदपुरा निवासी अंकित गुप्ता ने बताया कि 25 अक्तूबर को आगरा में एक रिश्तेदार की रिंग सेरेमनी कार्यक्रम था। वह परिवार के साथ कार से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आगरा गए थे। मंगलवार की सुबह परिवार के साथ वापस इटावा लौट रहे थे।
जसवंतनगर के सराय भूपत के पास नेशनल हाईवे पर कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। उसके बाद सामने से आ रहे ट्रक से कार की भिड़ंत हो गई।
हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर बैठे राजीव गुप्ता, उनकी पत्नी अनुपम गुप्ता, बेटा अंकित गुप्ता, बहू दिव्या और अंकित का एक साल का बेटा घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घायलों में दिव्या की हालत गंभीर है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।