आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी पड़ी कार। संवाद
- फोटो : ETAWAH
ताखा (इटावा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ऊसराहार थानाक्षेत्र के कुरखा गांव के पास दिल्ली से बिहार जा रही कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार पर सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों का सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया है। कार चालक को झपकी आने से हादसा होने की बात सामने आई है।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 127 पर कुरखा गांव के पास रविवार देर रात करीब 12 बजे दिल्ली से आरा बिहार जा रही कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पंजाब थाना जसराना जिला फिरोजाबाद निवासी कार चालक दिनेश चंद्र व कार पर सवार डी 32/20 सुलेमान नगर नई दिल्ली निवासी सव्यानंद मिश्रा, उनकी पत्नी रीता मिश्रा, बेटियां निशा मिश्रा, वंदना, साक्षी, बेटा श्याम नंदन मिश्रा घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे यूपीडा व एक्सप्रेसवे चौकी कुदरैल पुलिस कर्मियों ने घायलों को उपचार सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भिजवाया। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि रविवार की रात को कार चालक को झपकी लगने से कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी।
सडक हादसों में तीन घायल
इटावा। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंबेडकर नगर निवासी कृपाल सिंह पैदल शास्त्री चौराहे के पास जा रहे थे। वहीं पर टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गए। इसी तरह बढ़पुरा थानाक्षेत्र के भिंड रोड पर यमुना पुल के पास कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी पर सवार मध्य प्रदेश के भिंड जिले के कस्बा फूप निवासी जितेंद्र कुमार उनका साथी राम लखन घायल हो गए। हादसे के वक्त दोनों स्कूटी से इटावा आ रहे थे। (संवाद)