जसवंतनगर। बलरई थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव स्थित तालाब में शुक्रवार शाम को रिटायर्ड होमगार्ड रणवीर सिंह (62) का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। बेटे ने पिता की हत्या करने की आशंका जताई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
निजामपुर गांव निवासी रणवीर सिंह रिटायर्ड होमगार्ड है। बेटे सुनील कुमार उर्फ सोनू ने बताया कि 29 सितंबर की शाम घर से टिफिन में खाना लेकर गए थे। 30 सितंबर को सोनू खाली टिफिन लेने पहुंचा तो खाना बिखरा पड़ा हुआ था। वह नहीं मौजूद थे।
पूरे दिन घर नहीं आने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिले। एक अक्तूबर की शाम को होमगार्ड रणवीर सिंह का शव तालाब में उतराता हुआ मिला। यह देख ग्रामीणों ने सूचना परिजनों व पुलिस को दी। थाना प्रभारी कृष्ण लाल पटेल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और तालाब से शव को निकलवाया।
पुलिस ने परिजनों व आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस को तालाब के किनारे बनी एक झोपड़ी के पास शराब के क्वार्टर पड़े मिले। सुनील ने पिता की हत्या कर शव को तालाब में फेंकने की आशंका जताई। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबकर मौत का पुष्टि हुई। एसओ कृष्णा लाल पटेल ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन तहरीर नहीं दी है। संभावना है कि पैर फिसलने से तालाब में गिरे और उनकी मौत हो गई। वही शराब के क्वार्टर भी पड़े मिले थे।