इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने सोमवार रात आईटीआई चौराहे के पास फिरोजाबाद जिले के एक चोर को पकड़ा। उसके पास से मैनपुरी जिले में तैनात दरोगा की पिस्टल बरामद की गई। वह पिस्टल बेचने के इरादे से घूम रहा था। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र की करहल चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांच जून की रात अपने कमरे में तकिये के नीचे पिस्टल, पर्स और मोबाइल रखकर सो गए थे। चोर उनकी पिस्टल, पर्स व मोबाइल उठा ले गया था। प्रभारी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार रात फ्रेंड्स कालोनी थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने आईटीआई चौराहे के पास एक संदिग्ध को पकड़ा। उसके पास से सरकारी पिस्टल, दस गोलियां, घड़ी और एक मोबाइल बरामद किया गया। उसने अपना नाम दिलशाद निवासी रामगढ़, फिरोजाबाद बताया। वह पिस्टल बेचने के लिए इटावा आया था।
कोल्ड स्टोर में चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार
जसवंतनगर। 12 जून को कोल्ड स्टोर मैनेजर जितेंद्र कुमार निवासी छिगूपुरा सैफई ने जसवंतनगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि चोर 82 बोरी आलू, 19 सीलिंग पंखे और 9 एक्जॉस्ट फैन ले गए हैं। पुलिस ने सोमवार रात जमुनाबाग के एक भट्टे के पास विमल जाटव (26) निवासी नगला रामजीत कुंजपुरा थाना वैदपुरा, सचिन (21) निवासी धौलपुर खेड़ा, जसवंतनगर और अवनीश कुमार कठेरिया (23) निवासी केलोखर वैदपुरा को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 33 बोरा आलू, 10 सीलिंग फैन , तीन एग्जॉस्ट फैन और छह हजार रुपये बरामद किए गए। आरोपियों के पास से एक तमंचा और दो कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने तीनों को जेल भेजा गया है।