इटावा/जसवंतनगर। स्थानीय निकाय एमएलसी चुनाव में इटावा-फर्रुखाबाद सीट पर जिले के नौ मतदान केंद्र बनाए गए थे। मुलायम सिंह यादव के सबसे मजबूत गढ़ जसवंतनगर ब्लाक में बनाए गए मतदान केेंद्र पर न ही सपा का बस्ता लगा और न ही एजेंट ही बनाए गए। सभी मतदान केंद्रों पर शाम चार बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से 95.63 फीसदी मतदान हुआ। 1212 मतदाताओं में 1159 ने मताधिकार का प्रयोग किया। मुलायम सिंह यादव ने सैफई बूथ पर वोट डाला। जिलाधिकारी श्रुति सिंह, एसएसपी जयप्रकाश सिंह के अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे।
जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र सपा का मजबूत गढ़ है। यहां पहले मुलायम सिंह अब लगातार कई बार से सपा के टिकट पर शिवपाल सिंह यादव विधायक हैं। जसवंतनगर ब्लाक में बनाए गए मतदान केंद्र पर सपा का कोई एजेंट नहीं था। मतदान केंद्र के बाहर बस्ता भी नहीं लगाया गया। भाजपा प्रत्याशी की ओर से महेश गुप्ता और गोविंद शर्मा को एजेंट बनाया गया था। गढ़ में सपा का बस्ता न लगने से लोगों में हैरानी रही। बस्ता न लगने की वजह विधायक शिवपाल सिंह यादव की अखिलेश से नाराजगी को माना जा रहा है। मतदान केंद्र पर ब्लॉक प्रमुख डॉ अंजली यादव, उनके पति बीडीसी सदस्य अनुज मोंटी यादव (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार जॉली आदि ने मतदान किया।
सैफई संवाद प्रतिनिधि के अनुसार ब्लाक में बनाए गए मतदान केंद्र पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। सपा के राज्यसभा सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव करीब नौ बजे मतदान करने पहुंचे। इसके दो घंटे बाद जसवंतनगर से सपा विधायक और प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मतदान किया। 12 बजे मुलायम सिंह यादव की बहू सैफई की ब्लाक प्रमुख मृदुला यादव और दोपहर बाद मैनपुरी से सांसद मुलायम सिंह यादव ने मतदान किया। काले रंग की कार से आए मुलायम सिंह ने लौटते समय बाहर खड़े लोगों का अभिवादन किया। सैफई मतदान केंद्र पर 101 मतदाताओं में 94 ने वोट डाला। इसमें 37 महिला और 57 पुरुष मतदाता शामिल रहे।
भरथना संवाद प्रतिनिधि के अनुसार तहसील में बनाए गए बूथ पर 174 वोट में 168 मतदाताओं ने वोट डाले। यहां भाजपा की राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, भरथना से सपा विधायक राघवेंद्र गौतम, ब्लॉक प्रमुख विनोद दोहरे, बीडीसी हरिओम यादव (पूर्व ब्लॉक प्रमुख ) नगर पालिका अध्यक्ष हाकिम सिंह ने भी मतदान किया। बूथ का जायजा लेने आए भाजपा प्रत्याशी प्रांशु दत्त द्विवेदी ने अपनी जीत का दावा किया।
सदर तहसील में बनाए गए बूथ पर भाजपा सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया, विधायक सरिता भदौरिया, सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक उर्फ अंशुल यादव, नगर पालिका अध्यक्ष नौशाबा फुरकान आदि ने मतदान किया।
ताखा में सपाइयों में दिखी मायूसी
ताखा। ब्लाक पर बनाए गए बूथ पर सपाइयों में मायूसी देखी है जबकि भाजपाई जोश में दिखे। यहां 102 मतदाताओं में 42 महिला और 55 पुरुषों ने मतदाता किया। एसडीएम कौशल कुमार, तहसीलदार ताखा जगदीश सिंह, बीडीओ ताखा विजय नारायण राजपूत और पुलिस बल मौजूद रहा।
हमारी पार्टी एमएलसी चुनाव जीत रही है : शिवपाल
इटावा। एमएलसी चुनाव में मतदान करने आए जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने इशारों-इशारों में बहुत कुछ कह गए। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी चुनाव जीत रही है। जल्द उचित समय आने वाला है, उचित पर वह घोषणा करेंगे। एमएलसी चुनाव में सपा कितनी सीटें जीतेगी, इस पर शिवपाल सिंह कुछ देर चुप रहे फिर कहा कि हमारी पार्टी जीत हासिल कर रही है।
प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि एमएलसी का चुनाव गुप्त तरीके से होता है इसलिए मैंने भी गुप्त मतदान किया है। जिसको वोट दिया है वह जीतेगा। चुुनाव में धांधली के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव सही तरीके से हो रहा है।
चुनाव में गुंडई कर रही भाजपा : प्रो. रामगोपाल
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल ने भाजपा पर गुंडई से चुनाव लड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गुंडई कर रही है। एमएलसी चुनाव में सपा के प्रत्याशियों को पर्चा नही भरने दिया। चुनाव आयोग भी संज्ञान नहीं ले रहा है। चुुनाव निष्पक्ष हो जाएं तो सपा सभी सीटों पर जीतेगी।
अंशुल ने लगाया प्रशासन पर आरोप
सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक उर्फ अंशुल यादव ने जिला प्रशासन पर सत्ता पक्ष के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा एवं पंचायत चुनाव में लोकतंत्र की हत्या हुई। अब एमएलसी चुनाव में डीपीआरओ से लेकर प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने बैठकें बुलाकर हमारे साथियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया। शिवपाल के भाजपा में जाने के सवाल पर कहा कि मुझे चाचा के बारे में कोई जानकारी नही है।
सपा मुक्त बनेगा उत्तर प्रदेश: डॉ. रामशंकर
भाजपा सांसद डॉ रामशंकर कठेरिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश जल्द ही सपा मुक्त बनेगा। शिवपाल सिंह के भाजपा में आने के सवाल पर कहा कि यदि कोई भाजपा में अपनी आस्था जता रहा है तो ये अच्छी बात है।
प्रदेश से बंध गया सपा का बोरिया बिस्तर : सरिता
सदर सीट से भाजपा विधायक सरिता भदौरिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश से सपा का बोरिया बिस्तर बंध चुका है। प्रदेश की जनता सपा को पसंद नहीं कर रही है। एमएलसी चुनाव में हमारे सभी प्रत्याशी जीत कर आएंगे। निष्पक्षता से बौखलाए सपा नेता भाजपा पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। अब आने वाले समय में सपा में सैफई परिवार के अलावा कोई नहीं रहेगा।
मतदान एक नजर में
मतदान केंद्र कुल मत पड़े वोट
जसवंतनगर ब्लाक 167 161
सैफई ब्लाक 101 94
बढ़पुरा ब्लाक 135 133
बसरेहर ब्लाक 148 144
ताखा ब्लाक 102 97
चकरनगर ब्लाक 85 81
इटावा तहसील 79 77
भरथना तहसील 174 168
बकेवर 221 207
कुल वोट 1212 1159
एमएलसी चुनाव में सदर तहसील में मतदान करने जाते इटावा के जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव। संवाद- फोटो : ETAWAH
एमएलसी चुनाव की मतदाता पर्ची दिखातीं इटावा से भाजपा विधायक सरिता भदौरिया। संवाद- फोटो : ETAWAH
एमएलसी चुनाव में सैफई बूथ पर मतदान करके निकलते सपा के राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव। संवाद- फोटो : ETAWAH
एमएलसी चुनाव में सैफई बूथ पर मतदान करके निकलते जसवंतनगर से सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव, साथ में ह?- फोटो : ETAWAH
एमएलसी चुनाव में सदर तहसील में बनाए गए बूथ पर मतदान करने जाते भाजपा सांसद प्रो.रामशंकर कठेरिया। स- फोटो : ETAWAH