इटावा। भाजपा सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया शनिवार को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती पार्टी कार्यकर्ता का हाल जानने पहुंचे। वार्ड के अधिकांश बेड खाली देख सांसद का पारा चढ़ गया।
उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों व सीएमओ से नाराजगी जताते हुए कहा कि जब बेड खाली हैं, तो यहां से मरीजों को दूसरे अस्पतालों में इतनी जल्दी क्यों रेफर किया जाता है।
अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद सांसद ने अस्पताल में ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और झोलाछाप के इलाज से हो रही मरीजों की मौत पर चिंता जताई।
जिला अस्पताल में उपचार की समुचित व्यवस्था न देखकर उन्होंने लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री को पत्र लिखने की बात भी कही। सांसद ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते डेंगू व वायरल बुखार से लोग बेहाल हैं, लेकिन स्वास्थ्य महकमे को चिंता नही है।
उन्होंने सीएमओ से नाराजगी जताते हुए कहा जिला अस्पताल के बेड खाली पड़े है और लोग निजी अस्पतालों व गांव में झोलाछाप के यहां इलाज कराने को मजबूर हैं। सांसद ने सीएमएस से डेंगू और इससे हुई मौतों का आंकड़ा पूछा तो वह कुछ नहीं बता सके।
इस पर सांसद ने नाराजगी जताई। तब सीएमओ डॉ. भगवान दास ने बताया कि अभी तक जिले में 90 डेंगू मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें सभी स्वस्थ हो चुके हैं। 15 डेंगू मरीजों का सैफ़ई मेडिकल यूनिवर्सिटी में उपचार चल रहा है।