इटावा। परिवहन निगम ने दिवाली पर लोगों को बड़ी राहत दी है। रोडवेज इटावा शहर और आसपास के क्षेत्रों से बसों की कनेक्टिविटी बढ़ाने जा रहा है। इसका ब्लू प्रिंट, रूट मैप तय हो गया है। योजना के मूर्तरूप लेती ही सैफई अस्पताल आने वाले मरीजों, तीमारदारों को काफी राहत मिलेगी। बसें यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-एक तक लोगों को लेकर जाएंगी। फिर वहीं से सवारियों लेकर गंतव्य के लिए रवाना होंगी। परिवहन विभाग के अफसरों की मानें तो इस हफ्ते के आखिरी तक बस सेवाएं इटावा, आसपास क्षेत्रों से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी तक शुरू करा दी जाएंगी। एक-दो दिन में बसों की समय सारिणी (शेड्यूल) जारी कर दिया जाएगा।
सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में प्रतिदिन 700 -800 की संख्या में केवल मरीज पहुंचते हैं। यहां इटावा शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों, जिलों से भी मरीज आते हैं। अस्पताल में मरीजों के लिए आठ सौ बेड हैं। इन मरीजों और तीमारदारों को मिलाकर लिया जाए तो हर दिन करीब 4000 लोगों को यूनिवर्सिटी में आना-जाना होता है। इसे अलावा लगभग यूनिवर्सिटी में कार्यरत 1700 कर्मचारी भी इटावा शहर, उसके आसपास क्षेत्रों से अप-डाउन करते हैं, लेकिन शहर से यूनिवर्सिटी तक परिवहन विभाग की बस नहीं जाती है। इससे मरीजों, तीमारदारों व कर्मचारियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सैफई में परिवहन विभाग का बस डिपो है। डिपो यूनिवर्सिटी के करीब दो किलोमीटर और मैनपुरी रोड पर बने स्टैंड से एक किलोमीटर की दूरी पर है। मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को अगर रोडवेज बस से मेडिकल यूनिवर्सिटी जाना पड़ता है। लोगों को एक-दो किलोमीटर पैदल यात्रा करनी होती है। इसके चलते कई बार कर्मचारी समय से ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाते हैं और संसाधन न मिलने से मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी हो जाती है, जिससे उनकी जान सांसत में पड़ जाती है।
परिवहन विभाग के सूत्रों की मानें तो इटावा और आसपास क्षेत्रों से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी तक बसें चलाने का जो शेड्यूल तैयार किया जा रहा है उसमें ओपीडी के समय से कर्मचारियों की छुट्टी के वक्त को ध्यान में रखा गया है। बस प्रतिदिन सुबह करीब आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे चल चलेंगी। इस दौरान 10 बसें यात्रियों को लेकर सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-एक तक जाएंगी। फिर वहां से 10 बसें ही दिनभर में यात्रियों को लेकर गतंव्य को रवाना होगी। बसों का संचालन पीक आवर्स में किया जाएगा, ताकि ओपीडी में मरीज और ड्यूटी पर कर्मचारी समय से पहुंच सके।
इटावा से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी तक रोडवेज बसें चलाने के प्लान को लेकर परिवहन निगम और मेडिकल यूनिवर्सिटी के अफसरों ने मंत्रणा की। मंगलवार को क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल, इटावा डिपो के सेवा प्रबंधक एसएल शर्मा, इंचार्ज शांति स्वरूप मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचे। कुलपति प्रोफेसर डॉ. रमाकांत यादव, कुलपति सुरेश चंद्र शर्मा से मुलाकात की। कुलपति ने यूनिवर्सिटी तक रोडवेज के बसें चलाने के प्लान की सराहाना की। साथ ही यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-एक व दो बीच बसें खड़ी कराने के लिए स्थान उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन भी दिया है।
एक दिन मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती एक कर्मचारी को देखने पहुंचा था। तब वहां से मरीजों, तीमारदारों के साथ ही यूनिवर्सिटी में काम करने वाले कर्मचारियों की इटावा और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने की समस्या को देखा, सुना। इस दौरान ही सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी तक बसें चलाने का विचार बना लिया था। इटावा, आसपास क्षेत्रों से यूनिवर्सिटी के गेट तक बसें चलाने का प्लान तैयार कर लिया गया है। दिवाली के पहले बसों का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। बीपी अग्रवाल, क्षेत्रीय प्रबंधक, इटावा
मेडिकल यूनिवर्सिटी का गेट नंबर एक- फोटो : ETAWAH