इटावा। मोतीझील स्थित सरस्वती इंटर कालेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को पुलिस पाठशाला में सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वह मन लगाकर पढ़ें और खूब खेलें, बचपन लौटकर दोबारा नहीं आएगा।
कहा कि जिस क्षेत्र में मन करे, उसी क्षेत्र में जाएं। उन्होंने भी पुलिस में जाने की सोची थी, आज पुलिस में हैं, इसलिए कहते हैं जो भी मन करता है, खुलकर करें।
बताया कि वह भी सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र रहे हैं। छात्र जीवन के यादगार लम्हों को याद करते हुए बताया कि छात्र संसद के चुनाव में पदाधिकारी इसलिए बनते थे कि जब शपथ ग्रहण होगा तो समोसा और जलेबी खाने को मिलेगी।
एक मजेदार बात यह बताई कि जब वह किसी कार्यक्रम में बोर होते थे, तो ताली बजा देते थे, जिससे सभी समझ जाते थे और कार्यक्रम जल्दी समाप्त हो जाता था।
महिला थाना प्रभारी रजनी सिंह ने कहा कि लड़कियों को अपनी सुरक्षा कैसे करनी हैं, जरूरत पड़ने पर किन नंबरों का प्रयोग करें के बारे बताया। 1090 नंबर टोल फ्री नंबर है, इस पर फोन करने पर महिला अधिकारी फोन उठाएंगी और शिकायतकर्ता का नाम और पहचान दोनों गुप्त रखी जाएगी। लिहाजा समस्याएं बेहिचक बताएं।
कहा कि पुलिस थानों में महिला हेल्प भी शिकायत की जा सकती है। बीट प्रभारी भी महिला को बनाया जाता है। हर जगह महिला पुलिस सहायता के लिए खड़ी है। उन्होंने छात्राओं को 1090, 1076, 1078, 1098 व 181 नंबरों पर फोन कर पुलिस सहायता लेने की बात कही। %
यातायात प्रभारी राज कुमार शर्मा ने बताया कि नवंबर माह में यातायात माह मनाया जाता है। पूरे माह अभियान चलाते हैं। यातायात माह में लोगों का जागरूक किया जाता है।
यातायात माह का मूल उद्देश्य इस दौरान जहां तक हो किसी वाहन सवार का चालान न किया जाए। सड़क दुर्घटनाओं की वृद्धि रोकने के लिए इसे पर्व के रूप में मनाते हैं। जब भी निकले हेलमेट लगाकर ही निकलें। चार पहिया वाहन पर चलने के दौरान सीट बेल्ट लगाकर रखें।
कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की कई वजह होती हैं। वाहन सवार चौराहों व तिराहों पर लगे संकेतक को नहीं देखते। गलत दिशा में वाहन मोड़ देते हैं। ऐसे में पीछे से सही दिशा में आ रहे वाहन से दुर्घटना घटित हो जाती हैं।
बताया कि चालान बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दिया गया है। हाईवे पर भी लोग नियमों का पालन किए बगैर तेज रफ्तार से चलते हैं।
ओवरटेक कर आगे निकलने पर हाईवे पर लगा कैमरा नंबर प्लेट को रिकार्ड कर लेता है और ओवर स्पीड चालान का पता तब चलता है, जब दो हजार रुपये का चालान आ जाता है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालान को सजा माना जाता है। शराब पीकर वाहन न चलाएं। कान में मोबाइल फोन की लीड लगाकर न चलें।
ये रहे मौजूद---
विद्यालय प्रबंधक कमांडर नरसिंह भदौरिया, प्रधानाचार्य भारत सिंह, प्रबंध समिति सदस्य अखिलेश सिंह भदौरिया, रसायन विद्यान के प्रवक्ता गजेंद्र सिंह सेंगर, विशन स्वरूप, संतोष कुमार, धर्मेंद्र राजपूत, धर्मेंद्र बाजपेयी, विश्वबंधु चौधरी, अरुण वर्मा, संजय शुक्ला, संजय भदौरिया, अरविंद त्रिपाठी, रमेश प्रजापति आदि।