बकेवर। तीन दिन पहले घर से भागे प्रेमी युगल ने सोमवार को जहर खा लिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रेमी और प्रेमिका दोनों आपस में ममेरे और फुफेरे भाई-बहन हैं। इस वजह से दोनों के परिजन उनके प्रेम विवाद के लिए राजी नहीं है।
बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव युवती का रिश्ते के ममेरे भाई से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। प्रेमी लवेदी क्षेत्र के मलेपुरा गांव का रहने वाला है। दोनों शादी भी करना चाहते थे, लेकिन परिजन राजी नहीं है।
इस वजह से प्रेमी युगल 21 अक्तूूबर को घर से भाग गए थे। तीन दिन तक इधर-उधर भटकने के बाद दोनों लोगों ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने का फैसला लिया।
युवती ने बताया कि घर वाले उसकी प्रेमी के साथ शादी के लिए तैयार नहीं हैं, इसलिए प्रेमी संग उसने खुदकुशी करने का निर्णय लिया। सोमवार को इकदिल पहुंच कर प्रेमी ने एक बीज भंडार से कीटनाशक पदार्थ खरीदा।
उसे शीतल पेय में मिलाकर दोनों बिरारी गांव गए। वहां नेशनल हाईवे के किनारे बाबड़ी के पास एक पेड़ के नीचे बैठकर दोनों ने जहर पी लिया। इसकी सूचना पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को सीएचसी महेवा ले गए।
वहां से डॉक्टर ने दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल में दोनों की हालत नाजुक बताई गई है। चार मई को भी प्रेमी युगल घर से भाग चुके थे। थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जानकारी की जा रही है।