सैफई। थाना क्षेत्र के गांव भालासैया में पेंटर की गांव में ही पेंटिंग करते समय संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों को दो घंटे बाद दी गई। जिसके बाद उसे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पेंटर के परिजनों ने पुलिस से मामले की जांच कराने की मांग की है। सैफई थाना क्षेत्र के गांव भालासैया निवासी महावीर का बेटा रूप सिंह (34) पेंटर का काम करता था। वह गांव में ही जयपाल के यहां पर शुक्रवार को काम करने के लिए गया था।
जहां पर उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई विष्णु लाल ने आरोप लगाया कि गांव में ही जयपाल के यहां रूप सिंह बीते चार दिन से काम कर रहा था। शुक्रवार सुबह 11 बजे रूप सिंह को जयपाल के परिवारी जनों ने मृत अवस्था में घर पर लेकर लाए।
आरोप लगाया कि जयपाल के परिजनों ने सही जानकारी नहीं दी। कभी कहा कि उसको करंट लग गया, कहीं कहने लगे कि गिर गया। बताया कि सैफई थाने में लिखित में तहरीर देते हुए मामले की जांच कराने की मांग की।
उधर, सैफई थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक का कहना है परिजनों की मांग के अनुसार पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।