इटावा। जनरल टिकट लेकर ट्रेनों में सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। करीब सवा साल से अधिक समय तक चलने वाली स्पेशल ट्रेनों का संचालन बंद किया जा रहा है।
अब उनके स्थान पर रेल प्रशासन नियमित नंबरों वाली और ट्रेन के अनुसार किराये के साथ ट्रेनों का संचालन 15 नवंबर से शुरू करने जा रहा है। एनसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा के अनुसार, रेल प्रशासन ने जिन 78 ट्रेनों को दोनों ओर से उनके नियमित नंबरों के साथ चलाने का निर्णय लिया है।
उनका कोविड के दौरान 25 मार्च से लेकर 31 मई तक 68 दिन के देश व्यापी लॉकडाउन के बाद एक जून 2020 से स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ था।
स्पेशल ट्रेनों से अब करीब साढ़े सोलह महीने बाद 15 नवंबर से अपने नियमित नंबरों और ट्रेनों के अनुसार किराये के साथ संचालन शुरू होने जा रहा है।
इटावा में रुककर चलने वाली कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी (रविवार को छोड़कर), प्रयागराज-ऊधमपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (सप्ताह में दो दिन) के अलावा नियमित चलने वाली प्रयागराज-मेरठ सिटी, प्रयागराज-देहरादून लिंक एक्सप्रेस, आगरा-लखनऊ इंटरसिटी, इटावा-झांसी ट्रेनें भी शामिल हैं।
हालांकि, पैसेंजर ट्रेनों से चलने वाले यात्रियों को अभी कुछ और दिन इंतजार करना पड़ेगा।