इटावा जिले में एक समाजसेवी संस्था ने मानव तस्करी की आशंका जताते हुए जीआरपी से शिकायत की। जिसके बाद रविवार को नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस को इटावा रेलवे स्टेशन पर रोक लिया गया। जीआरपी ने ट्रेन से नौ बच्चों और उन्हें लेकर जा रहे लोगों को ट्रेन के अलग-अलग कोच से उतार लिया।
इस दौरान एक नाबालिग लड़का गायब हो गया। पुलिस को छानबीन में पता चला कि पांच बच्चे अपने माता-पिता की सहमति से गुजरात के गांधीनगर स्थित मदरसे में पढ़ने जा रहे थे। इसी तरह चार बच्चे दिल्ली जा रहे थे।
गुवाहाटी से नई दिल्ली जा रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन इटावा रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम को पहुंची। तो जीआरपी ने चार बच्चों व उन्हें लेकर जा रहे लोगों को ट्रेन से नीचे उतार लिया। इसके बाद अन्य बच्चों की तलाश शुरू की। इस दौरान ट्रेन चल दी।
तो जीआरपी कर्मियों ने चेन पुलिंग करके ट्रेन को रोका। ट्रेन के रामनगर क्रासिंग के पास रुकने के बाद एस-1 कोच से पांच बच्चे को नीचे उतारा गया। ये बच्चे मुगरिया जनपद कटिहार बिहार निवासी हाफिज मोहम्मद शफी के साथ उतारे गए।