इटावा। कोतवाली क्षेत्र के न्यू बस स्टैंड परिसर में शनिवार की देर शाम 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि अधेड़ के साथ जहरखुरानी की घटना हुई है, क्योंकि वह मथुरा से इटावा डिपो की बस से इटावा पहुंचा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जेब में मिले फोन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान औरैया जिले के निवासी के रूप में की गई है।
परिजनों के पहुंचने पर उसकी शिनाख्त के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रविवार को औरैया जिले के भांडी गांव के विकास व उसके परिजनों ने कोतवाली पुलिस के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर बस स्टैंड पर मिले शव की शिनाख्त अपने पिता रामलखन दिवाकर (50) के रूप में की।
बताया कि उसके पिता डेढ़ महीने पहले घूमने मथुरा गए थे। फोन से संपर्क होता रहता था। कुछ दिन से तबीयत सही न रहने के कारण शनिवार को मथुरा से वापस आने के लिए बडे़ भाई ने 1100 रुपये भेजे थे।
शनिवार को फोन कर पिता ने मथुरा से वापस आने की जानकारी भी दी। रात में बस स्टैंड के किसी ने फोन से जानकारी दी, इसके बाद इटावा पहुंचे थे। बताया कि पिता के पास जेब से पांच रुपये और रोडवेज बस का मथुरा का एक टिकट मिला है।
विकास के साथ उसके मामा जनक कुमार, चाचा रामसनेही, चचेरे भाई मनोज व संदीप भी आए थे। परिजनों ने रामलखन के साथ जहरखुरानी की घटना की आशंका जताई है।
कोतवाली के नया शहर चौकी इंचार्ज संजय दुबे ने बताया कि बस स्टैंड पर मिले शव की शिनाख्त होने पर पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।