कोतवाली क्षेत्र के मकारा थरी गांव में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मकारा थरी गांव में सोमवार की शाम घर में अकेली शिल्पी (25) पत्नी धीरेंद्र ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर जब परिजन उसे अस्पताल ले जाने लगे, इसी दौरान शिल्पी ने दम तोड़ दिया।
परिजनों की सूचना पर मेरठ में प्राइवेट नौकरी कर रहा पति धीरेंद्र भी घर वापस आ गया। धीरेंद्र की शादी 2016 में औरैया जिले के परघईपुर के प्रेम सिंह की पुत्री शिल्पी से हुई थी। उनके तीन वर्ष की एक पुत्री नैना भी है।
धीरेंद्र ने बताया कि सोमवार को माता-पिता की गैर मौजूदगी में उसकी पत्नी शिल्पी ने गांव स्थित घर में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। फिलहाल घटना के कारण का पता नहीं चल सका है।
साम्हो पुलिस चौकी इंचार्ज अनुभव चौधरी ने बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद
शांतिभंग में तीन पाबंद
भरथना। थाना पुलिस ने तीन लोगों को आपस में वाद-विवाद करने पर शांतिभंग में पाबंद किया है। उपनिरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि नगला ग्याली निवासी छोटेलाल व गोपियापुरा निवासी रामस्वरूप के बीच खेत पर कटिया डालने को लेकर विवाद होने पर उन्हें शांतिभंग में पाबंद किया गया है। वहीं, कस्बा चौकी निरीक्षक श्रीकृष्ण ने बताया कि थाना चैबिया के गांव जगन्नाथपुर हाल निवास बृजराजनगर भरथना निवासी अनिल कुमार को शराब पीकर सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज करने पर शांतिभंग में पाबंद किया गया है। संवाद