बकेवर। सिक्सलेन हाईवे पर बिजौली गांव के पास बुधवार सुबह बाइक सवार दो लुटेरों ने सेवानिवृत्त फौजी नानक चंद्र त्रिपाठी की पत्नी ममता के कान के बाले लूट लिए। लुटेरों ने ममता का गला भी दबाने का प्रयास किया। पुलिस ने घटना की जानकारी से इंकार किया।
शहर के गांधीनगर गली नंबर एक निवासी नानक ने बताया कि बुधवार को भांजी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उसकी ससुराल लखना जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे बिजौली गांव के नेशनल हाईवे ओवर ब्रिज के पहले पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने उनकी बाइक के बगल में बाइकल लगा दी। एक लुटेरे ने ममता के गले में हाथ डाला, चेन नहीं मिली तो गला दबाने का प्रयास किया। जिस पर उन्होंने शोर मचा दिया।
नानक ने बाइक की स्पीड तेज कर दी। तभी लुटेरे ने ममता के कान के बाले लूट लिए और ओवरब्रिज की तरफ भाग गए। उन्होंने पीछा भी किया लेकिन वे नहीं मिला। नानक ने बताया कि उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन 112 व 1090 पर फोन लगाया लेकिन फोन नहीं मिला। मामले में थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि लूट की वारदात उनके संज्ञान में नही आई है। पीड़ित के अर्जी देने पर जांच कर कार्यवाई की जाएगी।