इटावा। सुहागिन महिलाओं का पर्व करवा चौथ 24 अक्तूबर को मनाया जाएगा। करवा चौथ पर्व के दस्तक के साथ ही बाजार भी महिला खरीदारों से गुलजार होने लगे हैं।
रविवार को मनाए जाने वाले महिलाओं के इस विशेष पर्व को लेकर महिलाएं खरीदारी करने बाजार पहुंचने लगी हैं। साड़ियों की दुकानों पर सबसे ज्यादा महिलाएं पहुंच रही हैं।
करवा चौथ पर्व को लेकर साड़ियों का बाजार अच्छा चलने से कारोबारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। इस बार के करवा चौथ पर डाइट, प्लेन बार्डर व सिफॉन की साड़ियां महिलाओं की विशेष पसंद बनीं हैं।
साबितगंज स्थित साड़ी शोरूम के संचालक आदर्श गुप्ता व अनुराग गुप्ता ने बताया कि उनके पास सभी वर्गों की महिलाओं की पसंद की साड़ियां और कम से कम और अधिकतम दामों में उपलब्ध हैं।
दुकान में 300 रुपये से लेकर 26 हजार कीमत तक की साड़ियां उपलब्ध हैं। इनमें सिल्क, जार्जेट, सिफॉन, बनारसी नेट, लहंगा साड़ी के अलावा लहंगा, लांछा उपलब्ध है।
सिल्क की साड़ी 1300 रुपये से लेकर 6500 रुपये तक, जार्जेट की 290 रुपये से लेकर 1200 रुपये तक, ओरिजनल सिफॉन की साड़ी 3500 से लेकर 5000 रुपये तक में हैं। इसकी विशेषता नग की कढ़ाई है।
सिफॉन की नार्मल साड़ियां एक से लेकर पांच हजार तक में उपलब्ध हैं। बनारसी नेट साड़ी 1300 से लेकर छह हजार रुपये, लहंगा साड़ी चार से साढ़े छह हजार रुपये में उपलब्ध हैं। लहंगा लांछा 2400 से लेकर 26 हजार रुपये में उपलब्ध है।
रोहिणी नक्षत्र में महिलाएं रखेंगी करवा चौथ व्रत
इटावा। ज्योतिषाचार्य राजीव अग्रवाल ने बताया हिंदू पंचांग के अनुसार करवा चौथ व्रत कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 24 अक्तूबर को रोहिणी नक्षत्र में रखा जाएगा। चतुर्थी तिथि 24 अक्तूबर को प्रात: 03:01 मिनट से शुरू होकर 25 अक्तूबर को प्रात: 05:43 मिनट पर समाप्त होगी। करवा चौथ पूजा का मुहूर्त एक घंटा 17 मिनट का है।
करवा चौथ के दिन शाम को 05:43 से शाम 06:59 मिनट के मध्य चौथ माता यानी माता पार्वती, भगवान शिव, भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय का विधान पूर्वक पूजन होगा।
इसके बाद चंद्रमा के उदय होने पर उनकी पूजा होगी और चंद्रमा को अर्घ्य दिया जाएगा। इस समय सुहागिनें पति की दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना करती हैं। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, देश के कई हिस्सों में सुहागिन और कुंवारी युवतियां विधि विधान से व्रत रखती हैं।