पानी के कनेक्शन के लिए खोदी गई सड़क खुदी पड़ी। संवाद
- फोटो : ETAWAH
चकरनगर (इटावा)। कस्बे में पेयजल योजना की मरम्मत का काम लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। पाइप लाइन बिछाकर गड्ढे भी ठीक से बंद नहीं किए गए हैं। पानी के लीकेज से गड्ढे जगह-जगह धंस गए हैं। एक घर के सामने पुराना कुआं धंसने से हादसे की आशंका है, परिजनों ने मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया है।
वर्षों से खराब पड़ी पानी की टंकी और पाइप लाइन की मरम्मत का काम पिछले वर्ष अप्रैल में शुरू कराया गया था। दो करोड़ की लागत से चकरगनर के अलावा मानपुरा, बधा ,नगला महानंद, नगला चौप, सगरा ,नीमडांडा अहेरिया, फूटाताल में पानी पहुंचाना है। आरोप है कि काम में लापरवाही बरत रहा है।
विशाल दीक्षित ने बताया गली सागर कुआं से जाने वाली मुख्य गली की खुदाई 15 दिन पहले की गई थी। पाइप लाइन डालकर गड्ढे को ठीक से बंद नहीं किया गया। इससे राहगीत गिर जाते हैं।
तकिया निवासी हाकिम अली ने बताया कि उनके घर के सामने पाइप डालकर गड्ढा नहीं भरा गया है। घर के सामने सड़क का बड़ा गड्ढा हो गया। पानी जाने से बंद पड़ा कुआं खुल गया है। हादसे की आशंका से घर का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया है। कर्मचारियों से कई बार कहा, वह मिट्टी डलवाने के पैसा मांग रहे हैं।
जल निगम अवर अभियंता औरैया सत्य प्रकाश ने बताया कि सभी मजरों में 12 सौ कनेक्शन किए जा चुके हैं। कार्य अंतिम चरण में है। पेयजल आपूर्ति के लिए टंकी ग्राम पंचायत के अधीन सुपुर्द की जा चुकी है।