जसवंत नगर। कस्बा के मोहल्ला रामलीला की मडै़या कंजड़ कालोनी के एक घर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे घर का सारा सामान राख हो गया। आसपास के लोगों ने पानी डाल कर आग पर काबू पाया। गृहस्वामी का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। आग से एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
मोहल्ला रामलीला के मडै़या कंजड़ कालोनी निवासी सतपाल सिंह और उसकी पत्नी राखी मजदूरी करके परिवार का पेट पालते हैं। शुक्रवार को दोनों मजदूरी करने के लिए गए थे। दोपहर दो बजे शार्ट सर्किट से उनके घर में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को चपेट में ले लिया।
आसपास के लोग कुछ समझ पाते तब तक आग बेकाबू हो गई। आग से घर में रखी बाइक, फ्रिज, टीवी और गृहस्थी का सारा सामान जल गया। आसपास के लोगों ने हैंडपंप से बाल्टियों में पानी भरकर आग पर डाला।
तब करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। राखी ने बताया आग से सब कुछ बर्बाद हो गया। अब उनके पास खाने को अनाज तक नहीं है। उन्होंने तहसील प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।