इटावा। वायरल बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ी। दोपहर एक बजे तक 1501 मरीजों ने पर्चे बनवाए। पर्चा काउंटर प्रभारी मीना चतुर्वेदी के अनुसार इस महीने में मरीजों की यह सबसे ज्यादा संख्या रही। डिप्टी सीएमओ डॉ.अवधेश यादव ने बताया कि सोमवार को जिला अस्पताल में वायरल बुखार के 562 मरीज आए।
जिला अस्पताल में इन दिनों वायरल बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। इसके अलावा खांसी और जुकाम के मरीज भी पहुंच रहे हैं। सोमवार को मरीजों की काफी भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ कक्ष नंबर 56 में देखने को मिली। यहां तीन चिकित्सकों डॉ. बीके शाहू, डॉ. बीएल शर्मा व डॉ. शांतनु निगम ने मिलकर 219 मरीज देखे। इनमें ज्यादातर वायरल बुखार से ग्रसित रोगी रहे।
नाक, कान व गले के चिकित्सक डॉ.जेपी चौधरी व नेत्र रोग चिकित्सक कक्ष के बाहर भी मरीज बैठे डॉक्टर का इंतजार करते रहे। बाद में पता चला कि डॉक्टर सीएमओ कार्यालय में दिव्यागों के बनने वाले प्रमाण पत्र में ड्यूटी लगी है। काफी देर तक मरीज डॉक्टर का इंतजार कर चले गए।
इस बाबत सीएमएस डॉ. एमएम आर्या से बात की गई तो वह कुछ बता नहीं सके। वरिष्ठ बाल रोग चिकित्सक डॉ.पीके गुप्ता ने 110 और डॉ. शादाब आलम ने करीब एक सैकड़ा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। दोनों चिकित्सकों ने बताया ज्यादातर बुखार से ग्रसित बच्चे ही आ रहे हैं।
पैथालॉजी लैब के वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन एके दुबे ने बताया 230 मरीजों ने जांच कराई। 42 मरीजों की डेंगू की जांच की गई। 14 सैंपल जांच के लिए सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय भेजे गए।