इटावा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने हत्या का प्रयास व सेवन क्रिमिनल एक्ट (बवाल) में फरार चल रहे दो आरोपियों को डीआईओएस कार्यालय के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दस अप्रैल को डूडपुरा गांव में दो पक्षों में बवाल व फायरिंग हो गई थी, जिसमें यह दो आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस अन्य पांच आरोपियों की तलाश कर रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी नवरत्न गौतम ने बताया कि दस अप्रैल को डूडपुरा गांव में सत्यनारायण व दीपक में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने के बाद फायरिंग हो गई थी। तत्कालीन पूठन चौकी प्रभारी तेज सिंह ने दोनों पक्षों के 13 लोगों के खिलाफ बलवा, महामारी एक्ट, हत्या का प्रयास, सेवन क्रिमिनल एक्ट व आपदा प्रबंधन समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की विवेचना दरोगा चिंतन कौशिक कर रहे है।
बताया कि मामले में फरार चल रहे डूडपुुरा गांव निवासी आरोपी सत्य नारायण व उसके साथी मनोज को पुलिस ने मंगलवार को डीआईओएस कार्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा। पुलिस अभी तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि एक पक्ष से दीपक व दूसरे पक्ष से चार लोग अभी पुलिस पकड़ से दूर है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिशें दे रही है।