चकरनगर (इटावा)। एसडीएम को धमकाने के आरोपी गैंगस्टर शिवकिशोर यादव के घर को मंगलवार को प्रशासन ने कुर्क कर लिया। दो दिन पहले सैफई तहसील क्षेत्र के हेवरा गांव से उसके तीन वाहन कुर्क किए थे।
एसडीएम चकरनगर मलखान सिंह ने 26 अप्रैल को अवैध खनन में लगे सात ट्रक सीज कर दिए थे। शिवकिशोर यादव ने कार्यालय में जाकर एसडीएम को धमकाया था। इस मामले में शिवकिशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बाद में एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने शिवकिशोर और उनके छोटे भाई ब्रजकिशोर पर गैैंगस्टर की कार्रवाई की थी। दोनों आरोपियों ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया था।
डीएम अवनीश कुमार राय ने गैंगस्टर की चल-अचल संपत्ति को जब्त करने का आदेश दिया था। सोमवार को पुलिस ने मुनादी कराकर चकरनगर में चंबल रोड पर स्थित गैंगस्टर का मकान कुर्क कर लिया। कुर्की के दौरान राजनीतिक लोगों की भीड़ लगी रही। सीओ राकेश वरिष्ठ ने बताया कि गैंगस्टर का मकान कुर्क कर लिया गया है।