बकेवर। सहकारी समिति बकेवर पर भेजी गई तीन सौ बोरी डीएपी मात्र दो घंटे में की बंट गई। कई किसान बिना खाद लिए ही लौट गए। खाद की उपलब्धता न होने से सरसों व आलू की बुआई में देरी हो रही है।
किसान सेवा सहकारी समिति बकेवर पर शनिवार को डीएपी लेने के लिए सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में किसान पहुंच गए थे। डीएपी तीन सौ बोरी बुधवार शाम को आ गई थी। गुरुवार, शुक्रवार को दशहरा अवकाश होने से समिति बंद रही।
शनिवार को सुबह से ही समिति के खुलने से पहले से ही तमाम किसान खाद लेने के लिए सहकारी समिति उमड़ पड़े। किसानों की संख्या अधिक थी। डीएपी खाद की उपलब्धता मात्र तीन सौ बोरी थी। इस कारण समिति पर उपलब्ध मात्र तीन सौ बोरी डीएपी मात्र दो घंटे में ही खत्म हो गई।
ग्राम कुड़रिया निवासी किसान कोमल त्रिपाठी बताते हैं तीन बोरी आलू की बुवाई के लिए खाद लेने आए थे। डीएपी नहीं मिल सकी। जिसके कारण बिना डीएपी खाद लिए ही वापस जाना पड़ा। ग्राम नौधना निवासी किसान चंद्रभान बताते हैं वह दो बोरी डीएपी खाद सरसों की बुवाई के लिए लेने आए थे परंतु उनका नम्बर आने से पहले ही खाद समाप्त हो गई। उन्हें दो बोरी खाद डीएपी नहीं मिल पाई। अब डीएपी खाद आने के इंतजार में हैं। खेत में सरसों की बुवाई के लिए तैयार पड़ा है।
ग्राम सराय जलाल निवासी किसान नेत्रपाल ने बताया कि वह दो बोरी डीएपी लेने आए थे। उनका पॉस मशीन में अंगूठा भी लग गया। परंतु मोबाइल नंबर रिजेक्ट बताने के चलते उन्हें डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो सकी। बताया गया है कि उनका मोबाइल नंबर किसी अन्य के खाद वितरण में लगा दिया गया। नगला कले गांव निवासी किसान कृपाराम प्रजापति एक बोरी डीएपी खाद सरसों की बुवाई के लिए लेने आए थे। परंतु किसानों की अधिक भीड़ के चलते उन्हें एक बोरी डीएपी खाद नहीं मिल सकी।
वर्जन
किसान सेवा सहकारी समिति बकेवर के सचिव राजीव गोयल से संपर्क करने पर उन्होंने बताया समिति पर तीन सौ बोरी डीएपी खाद आई थी। जिसे पहले आओ पहले पाओ के नियम के अनुसार वितरित किया गया है किसानों की अधिकता के चलते सभी किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो पाई है। जिला मुख्यालय पर नौ सौ बोरी डीएपी खाद के लिए डिमांड भेजी गई है। खाद आते ही किसानों को तत्काल वितरित की जाएगी।।
बकेवर। बकेवर, लखना महेवा, अहेरीपुर कस्बों में स्थित खाद की कुछ दुकानों पर डीएपी खाद उपलब्ध होने पर दुकान संचालक 50 से सौ रुपये प्रति बोरी ब्लैक के मूल्य में बेच रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह कहते है खाद जिले में पर्याप्त है। किसी दुकानदार के ब्लैक में डीएपी खाद बेचने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई को जाएगी।