जसवंतनगर। सहकारिता के माध्यम से लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों और किसानों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में सहकारी समितियों का सदस्य बनना चाहिए। सहकारिता के साथ किसान स्वर्णिम भविष्य का सपना देख सकता है।
यह बात मुख्य अतिथि एवं जनपद के सहायक निबंधक (सहकारिता) सुरेश कुमार ने शुक्रवार को किसान सेवा सहकारी समिति, जसवंतनगर के परिसर में कृभको द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में कही।
कहा कि देश में अनेक ऐसे उदाहरण हैं, जिसमें ग्रामीणों व किसानों ने अपनी खुशियां और क्षमता के बल पर सहकारिता से व्यावसायिक कार्य प्रारंभ कर उसे राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है।
आह्वान किया कि प्रत्येक ग्रामीण और किसान को अपने-अपने क्षेत्र की सहकारी समिति का सदस्य अवश्य बनना चाहिए। कृभको के क्षेत्रीय अधिकारी नरेंद्र सिंह ने उत्पादों के बारे में किसानों को अवगत कराया।
उन्होंने किसानों से खेत की मिट्टी का परीक्षण कराने, कृषि कार्यों में संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने पर जोर दिया। कहा कि कृभको की ओर से आयोजित किसान सभाओं में नई-नई वैज्ञानिक जानकारियां और नए कृषि अनुसंधानों के बारे में बताया जाता है।
इसमें शामिल होकर किसानों को इसका लाभ उठाना चाहिए। इस दौरान कृभको ने अंगीकृत इस सहकारी समिति को चार कुर्सियां, एक ऑफिस टेबल तथा एक रिवॉल्विंग चेयर भेंट की।
इस मौके पर समिति सचिव प्रियंका यादव, प्रवेंद्र कुमार खेड़ा धौलपुर, देवेंद्र यादव तिजौरा, नवल किशोर क्रय विक्रय समिति जसवंतनगर, रामचंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे। विनोद ने सभी का आभार जताया।