ऊसराहार। थाना क्षेत्र के रम्पुरा गांव में 20 सितंबर की शाम गणेश विर्सजन यात्रा में शामिल होने जा रहे बाइक सवार युवक को तीन लोगों ने बेल्ट, चप्पलों व लात-घुसों से पीटा।
इसका वीडियो किसी ने सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर एसपी ग्रामीण के निर्देश पर थानाध्यक्ष ने शुक्रवार को मारपीट व एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
ऊसराहार सेंट्रल बैंक के सामने रहने वाला सोनू बाइक से 20 सितंबर की शाम को गणेश विर्सजन यात्रा में शामिल होने भरतिया बंबा जा रहा था। सोनू ने बताया कि रम्पुरा गांव पहुंचने पर बाइक में गांव के रिशू यादव, जीतू यादव व अंग्रेज सिंह ने अपनी बाइक से टक्कर मार कर उसे गिरा दिया।
इसका विरोध करने पर उन लोगों ने उसे बेल्ट, चप्पलों व लात-घूंसों से पीटा। रम्पुरा के ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। वह घायल अवस्था में घर गया और मारपीट की जानकारी परिजनों को दी।
इस पर परिजन आरोपियों के घर शिकायत करने गए तो उन लोगों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उन्हें भगा दिया। इसके बाद उन लोगों ने थाने में सूचना दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई करने के बजाए उन्हें टरका दिया।
इसी बीच किसी ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को थानाध्यक्ष को मामले में रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया।
तब जाकर थानाध्यक्ष ने रिशू उर्फ आशीष, जीतू व अंग्रेज सिंह पर मारपीट, धमकी व एससी-एसटी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना सीओ भरथना करेंगे।