फोटो संख्या 24- पुलिस की गिरफ्त में चोर।
- फोटो : ETAWAH
इटावा। बसरेहर पुलिस ने गुरुवार देर रात कैरामऊ ग्राम के पास बाइक सवार दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि चोरों के पास से कस्बा बसरेहर स्थित परचून के दुकान व जसवंतनगर के खेड़ा बुजुर्ग गांव स्थित एक घर से चोरी किया गया सामान भी बरामद हुआ है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने बताया कि कस्बा निवासी रामआसरे की परचून की दुकान का शटर तोड़कर चोर 29 जुलाई की रात घी, साबुन, घड़ी आदि सामान चोरी करके ले गए थे।
गुरुवार देर रात कैरामऊ गांव के पास पुलिस टीम को बाइक सवार दो युवक आते दिखे। पुलिस को देखकर वह भागने लगे। पुलिस ने शक होने पर उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों के नाम बसरेहर कस्बा निवासी पुष्पेंद्र उर्फ आशू व मौसिम है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक डिब्बा घी, नौ पैकेट बीड़ी, एक पैकेट माचिस, एक तमंचा, दो कारतूस, चाकू, एक जोड़ी पायल व 1700 रुपये नगद बरामद हुए।
आरोपियों ने बताया कि 29 जुलाई को उन्होंने रामआसरे की दुकान में चोरी की थी। इसके पहले जसवंतनगर के खेड़ा बुजुर्ग गांव के एक घर से एक महीन पहले चोरी की थी।