इटावा। विवाह के तीन माह के भीतर ही नवविवाहिता ने मायके में फांसी लगा ली। वह रक्षाबंधन पर मायके आई थी। ससुराल जाने से मना करने पर पति गुस्सा होकर चला गया था। इससे क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना बसरेहर थाना क्षेत्र के किल्ली सुल्तानपुर गांव में हुई। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
बसरेहर के किल्ली सुल्तानपुर गांव में वीरेंद्र सिंह की बेटी एलिस रक्षाबंधन पर रविवार को पति मनोज जाटव के साथ आई थी। वीरेंद्र ने बताया कि इस वर्ष पांच जून को बेटी की शादी चौबिया के राहिन गांव निवासी मनोज जाटव से हुई थी। सोमवार को मनोज ने एलिस से साथ में गांव चलने को कहा तो उसने मना कर दिया।
इस बात से नाराज मनोज बाइक से चला गया। कुछ देर बाद बेटी कमरे में गई और छत के कुंडे पर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। देर तक कमरे से न निकलने पर परिजनों ने दीवार तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा।
बसरेहर थाना पुलिस व नायाब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पिता ने बताया कि शादी के बाद पहले रक्षाबंधन पर ही बेटी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पति के गुस्से में घर से चले जाने पर विवाहिता ने फांसी लगाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।