भरथना। कस्बे के बाजपेई नगर में शुक्रवार रात एक मजदूर की पत्नी ने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार की सुबह परिजनों ने उसे दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकता देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक कलह के चलते महिला ने यह कदम उठाया है।
बाजपेई नगर निवासी राजबहादुर उर्फ भूरे मजदूरी करके पत्नी कविता (36) व तीन बच्चों को पेट पालता है। शुक्रवार देर शाम वह मजदूरी करके घर लौटा। इसके बाद परिवार के साथ खाना खाकर कमरे में सो गया।
देर रात मौका पाकर उसकी पत्नी ने कमरे में जाकर दुपट्टे से फांसी लगा ली। सुबह नींद खुलने पर भूरे व उसके परिजनों को घटना का पता चला। उनके सूचना देने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में कविता ने पारिवारिक कलह के चलते खुदकुशी करने की बात सामने आई है। अगर मायके पक्ष की तरफ से तहरीर मिलती है, तो आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इधर, मां कविता की मौत से दु्खी उनकी बेटियां तान्या, अन्नया और बेटे दिन भर रोते रहे। रिश्तेदार व गांव के लोग उन लोगों को ढांढस बंधा चुप कराने में लगे रहे।